गाजियाबाद के अस्पतालों में जन्मे 32 हजार से ज्यादा बच्चों को नहीं लगा हेपेटाइटिस का टीका

गाजियाबाद में अप्रैल से सितंबर के बीच 32,734 शिशुओं को हेपेटाइटिस का टीका नहीं लगा, जिससे उनकी सेहत से खिलवाड़ हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग की इस लापरवाही पर शासन ने समीक्षा के निर्देश दिए हैं।
गाजियाबाद। केंद्र एवं प्रदेश सरकार शिशुओं की देखभाल और शिशु मृत्यु दर कम करने को प्रयासरत है लेकिन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इन प्रयासों को कमजोर करने में लगे हुए हैं।
शासन स्तर से जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार, गाजियाबाद में नौनिहालों की सेहत के संग खिलवाड़ हो रहा है। अप्रैल से सितंबर के बीच सरकारी एवं प्राइवेट अस्पतालों में पैदा होने वाले 32734 बच्चों को हेपेटाइटिस का टीका नहीं लगाया गया है।
यह लापरवाही किस स्तर पर हुई है इसकी समीक्षा के निर्देश जारी किए गए हैं। हेपेटाइटिस का टीका लगाने में मेरठ मंडल में जिले के स्वास्थ्य विभाग की स्थिति बेहद खराब है। पिछले छह महीने में प्रदेश में 39.44 तो जिले में 27.39 प्रतिशत बच्चों को हेपेटाइटिस का टीका लगाया गया है।
यह स्थिति अस्पताल में पैदा होने वाले बच्चों के टीकाकरण की है। डोर टू डोर टीकाकरण की हकीकत इससे भी खराब हो सकती है। एनएचएम निदेशक डॉ. पिंकी जोवल ने सभी जिलों को पत्र जारी करके हेपेटाइटिस टीकाकरण की कवरेज शत प्रतिशत करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।


