ग़ाज़ियाबाद

सावन के पहले सोमवार पर शिवभक्तों का ‘सुरक्षा कवच’, चप्पे-चप्पे पर निगम की नजर-129 आईटीएमएस कैमरों के साथ 205 अतिरिक्त कैमरों से होगी कांवड़ यात्रा की निगरानी, कंट्रोल रूम से हर गतिविधि पर नजर

गाजियाबाद। सावन के पहले सोमवार पर शहर में उमडऩे वाले शिवभक्तों और कांवडिय़ों की सुविधा व सुरक्षा को लेकर गाजियाबाद नगर निगम ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए निगम के निर्माण विभाग ने करीब 20 किलोमीटर लंबे निर्धारित कांवड़ मार्ग पर बैरिकेडिंग का काम पूरा कर लिया है। मुख्य मार्ग के साथ उससे जुड़ी गलियों, नालों और संवेदनशील स्थानों पर भी विशेष रूप से बैरिकेडिंग की गई है। वहीं प्राचीन श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर के बाहर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अलग से सुरक्षा व्यवस्था की गई है। नगर निगम ने कांवड़ मार्ग की निगरानी के लिए तकनीक का भी सहारा लिया है। कांवड़ रूट पर पहले से मौजूद इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के 129 कैमरों के अलावा निगम ने 205 अतिरिक्त कैमरे लगाए हैं। इन कैमरों को मेरठ रोड स्थित कंट्रोल रूम से इंटीग्रेट किया गया है। इसके जरिए कांवड़ यात्रा के दौरान मार्ग की गतिविधियों, भीड़ और यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक कांवड़ मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था को भी बेहतर किया गया है। नगर आयुक्त के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। निगम का दावा है कि सावन के पहले सोमवार और आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी प्रमुख व्यवस्थाएं तैयार हैं।
नगर निगम के निर्माण विभाग ने कांवड़ मार्ग पर दिन-रात काम करते हुए निर्धारित रूट पर बैरिकेडिंग पूरी कर ली है। मुख्य कांवड़ मार्ग से जुडऩे वाली गलियों के बाहर भी बांस और बल्लियों से बैरिकेडिंग की गई है, ताकि यात्रा के दौरान कांवडिय़ों के मार्ग में अनावश्यक आवागमन न हो और भीड़ का दबाव नियंत्रित रखा जा सके। सुरक्षा की दृष्टि से कांवड़ मार्ग पर आने वाले नालों के बाहर भी विशेष बैरिकेडिंग की गई है। इससे श्रद्धालुओं को नालों और खुले स्थानों के आसपास किसी तरह का खतरा न रहे। सावन के पहले सोमवार पर दूधेश्वर नाथ मंदिर में उमडऩे वाली भीड़ को देखते हुए मंदिर के बाहर भी विशेष बैरिकेडिंग कराई गई है। श्रद्धालुओं को धूप से राहत देने के लिए जस्सीपुरा मोड़ से दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर तक बैरिकेडिंग के ऊपर ग्रीन नेट और शेड की व्यवस्था की गई है। इससे लंबी कतार में लगने वाले श्रद्धालुओं को कुछ राहत मिल सकेगी।
कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नगर निगम ने निगरानी तंत्र को भी विस्तार दिया है। नगर निगम सीमा में कांवड़ रूट पर ढ्ढञ्जरूस् के 129 कैमरे पहले से निगरानी कर रहे हैं। इनके अलावा 205 नए कैमरों को कांवड़ मार्ग पर लगाया गया है। सभी कैमरों को मेरठ रोड स्थित कंट्रोल रूम से इंटीग्रेट किया गया है। इस तरह कुल 334 कैमरों के माध्यम से कांवड़ मार्ग की निगरानी की जाएगी। भीड़ बढऩे, यातायात दबाव, किसी स्थान पर अव्यवस्था या किसी अन्य आपात स्थिति की जानकारी कंट्रोल रूम के माध्यम से तत्काल संबंधित टीमों तक पहुंचाई जा सकेगी। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार यात्रा के दौरान कंट्रोल रूम से लगातार मॉनीटरिंग की जाएगी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए नगर निगम ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। प्रकाश, जलकल, उद्यान, स्वास्थ्य और निर्माण विभाग की टीमें लगातार व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए निगम पूरी तरह मुस्तैद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button