भारत-दक्षिण कोरिया के स्वाद ने जोड़ी सांस्कृतिक दोस्ती-भारतीय और दक्षिण कोरियाई व्यंजनों की रही खास प्रस्तुति

गाजियाबाद। कविनगर स्थित के. डी. बी. पब्लिक स्कूल में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए बुधवार को ‘अंतरराष्ट्रीय कुक बुक (क्यूज़ीन)Ó विषय पर एक विशेष शैक्षणिक एवं सह-पाठयक्रम गतिविधि का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्व की विविध खान-पान परंपराओं, उनके पोषण महत्व तथा सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से परिचित कराना रहा। विद्यालय परिसर में आयोजित इस गतिविधि ने शिक्षा को व्यवहारिक अनुभव से जोड़ते हुए विद्यार्थियों में नई सीख और उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भारत और दक्षिण कोरिया के पारंपरिक व्यंजनों का चयन कर उनकी विशेषताओं पर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। प्रतिभागियों ने व्यंजनों की सामग्री, बनाने की विधि, पोषण तत्वों तथा सांस्कृतिक महत्व को रोचक ढंग से समझाया। कई विद्यार्थियों ने व्यंजनों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन भी किया, जिसने कार्यक्रम को जीवंत और आकर्षक बना दिया। विविध स्वादों और संस्कृतियों का यह संगम सभी के लिए सीखने का अनूठा अवसर साबित हुआ। विद्यार्थियों ने चार्ट, मॉडल, सजावटी प्रस्तुति एवं मौखिक व्याख्या के माध्यम से अपने विषय को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया। गतिविधि के दौरान टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच, संप्रेषण कौशल और आत्मविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे सीखने की एक अभिनव पहल बताया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती निवेदिता राणा ने विद्यार्थियों की मेहनत और उत्साह की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक अनुभव और विभिन्न संस्कृतियों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना आज की शिक्षा की आवश्यकता है। कार्यक्रम ने न केवल विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय खान-पान से परिचित कराया, बल्कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान और वैश्विक समझ को भी सुदृढ़ किया।



