देसी-विदेशी शराब की दुकानों से स्टेशन रोड बेहाल, जाम और हुड़दंग से राहगीर परेशान

असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। जिला मुख्यालय के व्यस्ततम स्टेशन रोड पर देसी और अंग्रेजी शराब की दुकानें आमने-सामने नहीं, बल्कि अगल-बगल संचालित होने से आए दिन अव्यवस्था का माहौल बना रहता है। शाम ढलते ही दोनों दुकानों के बाहर शराब खरीदने और पीने वालों की भीड़ उमड़ पड़ती है, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है और आम राहगीरों का निकलना मुश्किल हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन में स्थिति सामान्य रहती है, लेकिन शाम होते ही दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। देसी शराब के ठेके पर मजदूर वर्ग और अंग्रेजी शराब की दुकान पर अन्य लोग जुटते हैं। कई लोग दुकान के आसपास ही शराब का सेवन करने लगते हैं, जिससे आने-जाने वालों को भारी असुविधा होती है।
राहगीरों का आरोप है कि शराब के नशे में आए दिन गाली-गलौज, मारपीट और हंगामे जैसी घटनाएं भी होती रहती हैं। ऐसे माहौल में महिलाओं, बच्चों और परिवार के साथ गुजरने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्हें हमेशा इस बात का डर बना रहता है कि कहीं कोई नशे में धुत व्यक्ति लड़खड़ाकर उनसे न टकरा जाए। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जनहित और यातायात व्यवस्था को देखते हुए देसी और अंग्रेजी शराब की दोनों दुकानों को स्टेशन रोड से हटाकर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि आम लोग सुरक्षित और बेखौफ होकर आवागमन कर सकें।



