मतदाता सूची में गड़बड़ी मिली तो होगी कार्रवाई, बेहतर काम करने वाले बीएलओ होंगे सम्मानित-डीएम ने इंदिरापुरम से राजनगर एक्सटेंशन तक बूथों का किया निरीक्षण, पुनरीक्षण अभियान की परखी रफ्तार

गाजियाबाद। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के तहत मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। रविवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने जनपद के विभिन्न मतदेय स्थलों का औचक निरीक्षण कर मतदाता पुनरीक्षण कार्यों की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने बीएलओ से नए मतदाताओं के पंजीकरण, नामों में संशोधन और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने के लिए प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। बेहतर काम करने वाले बीएलओ को सम्मानित और पुरस्कृत भी किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जनपद में 21 व 22 नवंबर तथा 28 व 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में डीएम ने इंदिरापुरम के सुपरटेक आइकॉन, न्याय खंड-1, गौर ग्रीन एवेन्यू अभय खंड-2 तथा राजनगर एक्सटेंशन के रिवर हाइट्स रोड और सहानी खुर्द स्थित विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथों पर मौजूद बीएलओ से पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति जानी और प्राप्त प्रपत्रों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। डीएम ने निर्देश दिए कि नए मतदाताओं के नाम जोडऩे के लिए फॉर्म-6, मृतक, अपात्र एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा मतदाता सूची में नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाए। सभी प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बीएलओ अपने क्षेत्रों में पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ काम करें, जिससे मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।
जिलाधिकारी ने मतदाता पंजीकरण और सूची में संशोधन की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए आमजन को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों और बीएलओ को निर्देशित किया कि नागरिकों को भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और ईसीआईनेट ऐप के बारे में जानकारी दी जाए। लोगों को बताया जाए कि वे घर बैठे अपना नाम मतदाता सूची में जांच सकते हैं और नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने के साथ आवश्यक संशोधन के लिए ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। डीएम ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण आधार है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर अभियान को प्रभावी ढंग से पूरा कराएं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बेहतर कार्य करने वाले कुछ बीएलओ की सराहना भी की। उन्होंने मीडिया के माध्यम से कहा कि पुनरीक्षण अभियान में निर्धारित लक्ष्यों को समय से और प्रभावी तरीके से पूरा करने वाले बीएलओ को सम्मानित किया जाएगा। उत्कृष्ट कार्य करने वाले सर्वश्रेष्ठ बीएलओ को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों से ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समयबद्धता के साथ जिम्मेदारी निभाने की अपील की। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत जिले के अन्य क्षेत्रों में भी अधिकारियों ने बूथों का निरीक्षण किया। ईआरओ एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट लोनी दीपक सिंघनवाल ने विभिन्न मतदेय स्थलों पर पहुंचकर बीएलओ के कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अभियान को गंभीरता और समयबद्धता के साथ पूरा करने पर जोर दिया। वहीं, एडीएम (नगर) एवं विधानसभा क्षेत्र-57 मोदीनगर के प्रेक्षक विकास कश्यप ने भी विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से पुनरीक्षण कार्यों की जानकारी लेने के साथ बीएलओ ऐप में हुए नए बदलावों से अवगत कराया। विशेष रूप से एसएसआर टाइल के अंतर्गत इलेक्टर फोटो क्वालिटी चेक और करेक्शन ऑफ रॉन्ग एंट्रीज की नई सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने मतदाता सूची में फोटो की गुणवत्ता जांचने, गलत प्रविष्टियों में सुधार करने और लिंग अनुपात पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ईआरओ एवं एसडीएम सदर अजीत कुमार सिंह, एईआरओ एवं उप निदेशक कृषि आशीष सिंह, जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन की ओर से आगामी 28 और 29 नवंबर को भी विशेष अभियान के दौरान मतदेय स्थलों पर मतदाता पंजीकरण एवं संशोधन का कार्य कराया जाएगा।




