जीडीए ने शुरू किया समाधान शिविर, पहले दिन ही उमड़ी आवंटियों की भीड़

-पीएम आवास योजना के लंबित मामलों के निस्तारण को मिली प्राथमिकता
गाजियाबाद। आवंटियों की लंबे समय से लंबित रजिस्ट्री एवं नामांतरण संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए सोमवार को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने विशेष शिविर की शुरुआत कर दी है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजित इस शिविर के पहले ही दिन बड़ी संख्या में आवंटी पहुंचे और अपनी समस्याएं दर्ज कराईं। आवंटियों की सक्रिय भागीदारी से स्पष्ट है कि यह पहल जनहित में बेहद प्रभावी साबित हो रही है। शिविर के प्रथम दिवस में विभिन्न आवासीय योजनाओं से जुड़े आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई की गई। सामान्य योजनाओं के अंतर्गत इंद्रप्रस्थ, संजयनगर, मधुबन-बापूधाम तथा प्रताप विहार योजनाओं से रजिस्ट्री के लिए कुल 17 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के अंतर्गत भी रजिस्ट्री से जुड़े 17 आवेदनों को दर्ज कर प्रक्रिया शुरू कर दी गई। नामांतरण यानी नाम दर्ज कराने से जुड़े मामलों में भी आवंटियों की अच्छी भागीदारी रही। सामान्य योजनाओं के अंतर्गत 10 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 20 आवेदनों पर कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। प्राधिकरण अधिकारियों ने सभी मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित शाखाओं को तत्काल निर्देश जारी किए। विशेष शिविर के दौरान पहले से लंबित मामलों के समाधान में भी उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिली। कुल 18 लंबित प्रकरणों का मौके पर निस्तारण करते हुए संबंधित आवेदकों को नाम दर्ज प्रमाण पत्र जारी किए गए, जिससे आवंटियों को बड़ी राहत मिली।
प्राधिकरण प्रशासन ने कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त निर्देश दिए हैं। इसके तहत प्रधानमंत्री आवास योजना के 50 मामलों तथा इंद्रप्रस्थ योजना के 9 प्रकरणों में शीघ्र रजिस्ट्री सुनिश्चित करने के आदेश जारी किए गए हैं। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की यह पहल नागरिकों को पारदर्शी, सरल और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। प्राधिकरण ने सभी आवंटियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर आयोजित विशेष शिविर में पहुंचकर रजिस्ट्री और नामांतरण से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान प्राप्त करें और इस जनहितकारी अभियान का अधिकतम लाभ उठाएं।



