ग़ाज़ियाबाद

नोएडा प्रदर्शन का असर गाजियाबाद तक, एनएच-9 पर लगा लंबा जाम;-मॉडल टाउन पर प्रदर्शनकारियों के सड़क जाम से घंटों थमा यातायात

गाजियाबाद। नोएडा के मॉडल टाउन क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों द्वारा सड़क जाम किए जाने का असर गाजियाबाद तक देखने को मिला। राष्ट्रीय राजमार्ग-9 (एनएच-9) पर सोमवार को वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य बना रहा, लेकिन एनएच-9 पर आधा घंटे पहले तक राहुल विहार तक वाहनों की लाइन पहुंच गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया, जिसके बाद कुछ समय के लिए यातायात सुचारू हो गया। लेकिन थोड़ी ही देर बाद दोबारा जाम लगाए जाने से स्थिति फिर बिगड़ गई और सड़क पर वाहनों की रफ्तार थम गई। सुबह से ही नोएडा के कई हिस्सों में फैक्ट्री कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन के चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। प्रमुख मार्गों पर चार किलोमीटर का सफर तय करने में लोगों को एक घंटे से अधिक समय लग गया। नोएडा में प्रदर्शन के दौरान हुए बवाल, आगजनी और पथराव की घटनाओं को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय से पूरे घटनाक्रम की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण और एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश कंट्रोल रूम से हालात पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नोएडा के हालात को देखते हुए गाजियाबाद के औद्योगिक क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त नगर एवं मुख्यालय धवल जायसवाल ने सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव और पुलिस बल के साथ एनएच-9 स्थित सेक्टर-62 कट थाना इंदिरापुरम क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट रहने, यातायात को सुचारू बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। पुलिस प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button