जलभराव से जूझ रहा प्राथमिक विद्यालय पानीगांव द्वितीय, बच्चों की पढ़ाई पर संकट

मथुरा। मांट ब्लांक के प्राथमिक विद्यालय पानीगांव द्वितीय में लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है, जिससे विद्यालय में पठन-पाठन व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। विद्यालय परिसर और प्रवेश मार्ग पर लगभग दो फीट तक भरे पानी के कारण छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक सतीश चंद्र ने बताया कि इस समस्या को लेकर संबंधित विभागों और अधिकारियों को कई बार लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि जलभराव के कारण बच्चों की नियमित उपस्थिति भी प्रभावित हो रही है। और पढ़ाई तक नहीं हो पा रही है। कई अभिभावक अपने बच्चों को विद्यालय भेजने से हिचक रहे हैं, जबकि विद्यालय परिसर में गंदा पानी भरे रहने से संक्रमण फैलने का खतरा भी बना हुआ है। विद्यालय प्रबंधन ने मथुरा के जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर शीघ्र स्थायी समाधान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चों को बेहतर और सुरक्षित शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जिससे कि बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके। वहीं अध्यापिका ने बताया कि लगभग 15 साल से आज तक जल भराव की समस्या का समाधान नहीं हो सका है, जिससे बच्चों की पढ़ाई सही ढंग से नहीं हो पा रही है।


