ग़ाज़ियाबाद

जनपद में ईंधन की कोई कमी नहीं, डीजल-पेट्रोल व सीएनजी का पर्याप्त भंडार: जिलाधिकारी

– प्रशासन की टीमें मैदान में, हर तहसील में लगातार निगरानी और छापेमारी

गाजियाबाद। जनपद में डीजल, पेट्रोल और सीएनजी की उपलब्धता को लेकर प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह सामान्य बताते हुए नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में स्पष्ट किया गया कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और कहीं भी आपूर्ति प्रभावित नहीं है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिलापूर्ति अधिकारी तथा विभिन्न तेल कंपनियों के सेल्स अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान सभी कंपनियों से अलग-अलग डीजल, पेट्रोल और सीएनजी स्टॉक की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने पुष्टि की कि जनपद का कोई भी पेट्रोल पंप ड्राई नहीं है और सभी स्थानों पर पर्याप्त ईंधन उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि लोग अनावश्यक रूप से डीजल, पेट्रोल या सीएनजी का भंडारण न करें और पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं। उन्होंने सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से ईंधन की कमी संबंधी झूठी और भ्रामक खबरें फैलाने से भी बचने को कहा। प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि  ‘नो हेलमेट, नो फ्यूलÓ नियम का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा खुले पात्रों में ईंधन की बिक्री न की जाए। आपूर्ति विभाग की टीमें सभी तहसीलों और क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण कर रही हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि डीजल, पेट्रोल या सीएनजी का अनधिकृत भंडारण, डायवर्जन या कालाबाजारी करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी उपजिलाधिकारियों, कार्यकारी मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारियों और पूर्ति विभाग को संयुक्त रूप से क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button