ग्राम सिहोरा में रागिनी महोत्सव में उमड़ा जन सैलाब

भाकियू अन्नदाता ने सभी आगंतुकों का किया भव्य स्वागत
मथुरा। जनपद के ग्राम सिहोरा में रागिनी महोत्सव एवं सम्मान समारोह का अत्यंत भव्य एवं आकर्षक आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में ग्रामीणों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरा गांव सांस्कृतिक रंगों में सराबोर नजर आया और देर रात तक कार्यक्रम में लोगों की भीड़ उमड़ी रही। कार्यक्रम के संयोजक भारतीय किसान यूनियन अन्नदाता के प्रदेश अध्यक्ष भूरा पहलवान रहे।
कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध रागिनी कलाकार नरदेव बेनीवाल एवं उनकी टीम की प्रस्तुतियां रहीं। उनकी सुमधुर आवाज और पारंपरिक रागिनियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लिया। रागिनी के माध्यम से सामाजिक, सांस्कृतिक और नैतिक संदेश भी प्रस्तुत किए गए, जिन्हें लोगों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर अपने संबोधन में भूरा पहलवान ने कहा कि रागिनी हमारी प्राचीन और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से न केवल हमारी परंपराएं जीवित रहती हैं, बल्कि नई पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति और लोक कला के प्रति जागरूकता मिलती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में एकता और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सभी विशिष्ट एवं संभ्रांत अतिथियों का पारंपरिक तरीके से साफा बांधकर एवं पटुका पहनाकर स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें राधा-कृष्ण का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। यह दृश्य कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाने वाला रहा। उपस्थित लोगों ने इस सम्मान समारोह की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
अंत में सभी श्रद्धालुओं एवं उपस्थित जनसमूह को प्रसादी वितरित की गई। पूरे आयोजन में अनुशासन, भक्ति, संस्कृति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। ग्राम सिहोरा का यह आयोजन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की है। इस दौरान हेमंत चौधरी, देव चौधरी, जीतू जोशी, जीतू चौधरी, वीरपाल गंधार आदि मौजूद रहे।



