शहर-राज्य

ग्राम मंदवाड़ी में आई ड्रीम टू ट्रस्ट के 37वें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 77 यूनिट रक्त संग्रहित

उज्ज्वल रस्तौगी मेरठ

आई ड्रीम टू ट्रस्ट द्वारा आयोजित 37वें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन आज ग्राम प्रधान आवास, ग्राम मंदवाड़ी (मेरठ) में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में लाला लाजपत राय (एलएलआरएम) मेडिकल कॉलेज, मेरठ की ब्लड बैंक टीम द्वारा कुल 77 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

शिविर का शुभारंभ सरधना विधानसभा के विधायक माननीय श्री अतुल प्रधान जी एवं थाना प्रभारी फलावदा श्रीमती सोनम जादौन जी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने का आह्वान किया।

शिविर में क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं को संस्था की ओर से प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में आई ड्रीम टू ट्रस्ट टीम से संस्थापक राजन चौधरी, कोषाध्यक्ष गौरव शर्मा, सचिव प्रशांत मोतला, गौरव सिंधु, सुमित प्रधान, लक्की, अर्चित शर्मा, कार्तिक शर्मा, अवतार नागर, विनीत खारी (उत्तर प्रदेश पुलिस), जितेंद्र सिंह नेडू, गौरव कुमार (आदर्श इंटर कॉलेज), इनकम सिंह नेडू, राहुल राणा एवं ग्राम प्रधान फतेह शर्मा आदि का विशेष सहयोग रहा।
वहीं एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज, मेरठ की ब्लड बैंक टीम से डॉ. काजल, रश्मि, देवेंद्र, पंकज एवं मनोज ने रक्त संग्रहण किया गया।
इस अवसर पर राजन चौधरी ने ग्राम प्रधान एवं ग्रामवासियों का विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि वे प्रत्येक वर्ष इस रक्तदान शिविर के आयोजन में पूरा सहयोग करते हैं, जिसके लिए आई ड्रीम टू ट्रस्ट उनका हृदय से आभार व्यक्त करती है। उन्होंने कहा कि यह रक्तदान शिविर थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के लिए आयोजित किया गया था। बहुत से रक्तदाताओं को शायद यह ज्ञात नहीं होता कि उनका एक यूनिट रक्त किसी बच्चे के लिए जीवनदान बन जाता है। थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को हर 15 से 20 दिन में रक्त की आवश्यकता होती है और आपका एक छोटा-सा प्रयास किसी परिवार के चेहरे पर मुस्कान ला सकता है।

कार्यक्रम के अंत में गौरव शर्मा ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों, ब्लड बैंक की टीम, ग्रामवासियों एवं सहयोगी स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के सफल एवं जनहितकारी रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button