शहर-राज्य

आतिशबाजी की तरह धधकी विद्युत केबल, 7 घंटे तक बिजली गुल रहने से ग्रामीणों का हंगामा

उज्ज्वल रस्तौगी मेरठ

मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम अच्छरोंडा में शनिवार देर रात विद्युत लाइन में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि केबल आतिशबाजी की तरह जलने लगी। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने बिजली विभाग को अवगत कराया, जिसके बाद बिजलीघर से गांव की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई।
बिजली बंद होने के बाद ग्रामीणों ने समरसेबल और पानी की मदद से जल रही केबल को बुझाने का प्रयास किया। इसी दौरान अचानक दोबारा लाइन में करंट दौड़ गया और केबल में फिर से तेज धमाकों के साथ आग लगने लगी। यह नजारा देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और सभी ने भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना दी गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया। वहीं अधिशासी अभियंता राकेश सोनी, एसडीओ अविनाश चौधरी और जेई रवि कुमार ने ग्रामीणों से फोन पर बात कर भरोसा दिलाया कि लाइनमैन मौके पर भेजे जा रहे हैं और जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी।
कुछ देर बाद दो लाइनमैन मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त विद्युत लाइन का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने बताया कि इतनी बड़ी खराबी को ठीक करने में 24 घंटे तक का समय लग सकता है। यह सुनकर ग्रामीण नाराज हो गए और दोनों लाइनमैन को वहीं रोक लिया। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक बिजली चालू नहीं होगी, तब तक वे भी गांव से नहीं जाएंगे।
हंगामे की सूचना मिलने पर विद्युत अधिकारियों ने लाइनमैन को लगातार मरम्मत कार्य जारी रखने के निर्देश दिए। इसके बाद ग्रामीणों ने भी सहयोग करते हुए गांव के दो बड़े कंटेनर मौके पर खड़े कर दिए, जिन पर चढ़कर लाइनमैन और दर्जनों ग्रामीणों ने करीब 7 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त विद्युत लाइन की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी।
बिजली आने के बाद भीषण गर्मी से परेशान ग्रामीणों, बच्चों और बुजुर्गों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मांग की कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जर्जर विद्युत लाइनों को जल्द बदला जाए। इस दौरान ग्रामीण रोहित राणा, शहजाद सैफी, मोती चौधरी, राहुल राणा, अंकुर चौधरी, बिट्टू मिस्त्री, सचिन राणा, आदि मौजूद रहे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button