शहर-राज्य

कांवड़ यात्रा को लेकर गजरौला थाने में पीस कमेटी की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील

वेलकम इंडिया पीलीभीत

पीलीभीत। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने को लेकर रविवार को थाना गजरौला परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नगर की अध्यक्षता में हुई बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, कांवड़ यात्रा से जुड़े लोगों तथा पुलिस- प्रशासन के अधिकारियों ने सहभागिता की। बैठक में कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
क्षेत्राधिकारी नगर ने बैठक में मौजूद लोगों से संवाद करते हुए कहा कि श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस- प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि यात्रा के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें।बैठक में आपसी सौहार्द, भाईचारा और सामाजिक समरसता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सभी समुदायों के लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक या आपत्तिजनक सूचनाओं को बिना पुष्टि के आगे न बढ़ाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस की ओर से किए जा रहे प्रबंधों की जानकारी भी दी। साथ ही स्थानीय लोगों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई, जिससे श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार सदर, थानाध्यक्ष गजरौला, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण, धर्मगुरु, संभ्रांत नागरिक, कांवड़ यात्रा से जुड़े लोग तथा अन्य संबंधित व्यक्ति मौजूद रहे। बैठक के माध्यम से पुलिस- प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button