एक जनपद-एक व्यंजन योजना में सिद्धार्थनगर को मिला 12 इकाइयों का लक्ष्य, 25 प्रतिशत अनुदान मिलेगा

असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। गुरुवार को उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, सिद्धार्थनगर द्वारा जारी जानकारी के अनुसार शासन के निर्देश पर जनपद में ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ योजना लागू की गई है। योजना के तहत सिद्धार्थनगर के लिए खोया आधारित मिठाई (राम कचौड़ी), मखाना और कालानमक चावल को प्रमुख उत्पाद के रूप में चयनित किया गया है। योजना के अंतर्गत जनपद को 12 इकाइयों का भौतिक लक्ष्य तथा 36 लाख रुपये का वित्तीय लक्ष्य आवंटित किया गया है। जिला उद्योग उपायुक्त अधिकारी शिव शंकर कुमार ने बताया चयनित लाभार्थियों को बैंक के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें ऋण राशि का 25 प्रतिशत अनुदान उद्योग विभाग द्वारा दिया जाएगा। योजना का लाभ लेने के इच्छुक व्यक्ति 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के सिद्धार्थनगर निवासी होने चाहिए। आवेदक के लिए किसी न्यूनतम शैक्षिक योग्यता की अनिवार्यता नहीं है। हालांकि, आवेदक बैंक का बकायादार (डिफॉल्टर) नहीं होना चाहिए तथा पूर्व में किसी सरकारी ऋण योजना में अनुदान का लाभ प्राप्त नहीं किया होना चाहिए। इच्छुक अभ्यर्थी एमएसएमई उत्तर प्रदेश पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।


