ग़ाज़ियाबाद

फर्रुखनगर में टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

गाजियाबाद। फर्रुखनगर में मंगलवार देर रात टेंट हाउस के सामान के गोदाम में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते गोदाम में रखे टेंट के सामान को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही साहिबाबाद फायर स्टेशन से दमकल की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा काफी सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था। राहत की बात रही कि अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ सिंह के अनुसार, मंगलवार देर रात एक बजकर 48 मिनट पर फायर स्टेशन साहिबाबाद को फर्रुखनगर स्थित एक गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी टीम के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि शैलेंद्र पुत्र नरेंद्र कुमार शर्मा के शनि मंदिर, असालतपुर, फर्रुखनगर स्थित टेंट हाउस के सामान के गोदाम में आग लगी हुई है। दमकलकर्मियों ने बिना देर किए मिनी फायर इंजन (एमएफई) से पानी की पाइपलाइन बिछाकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग गोदाम में रखे टेंट के सामान तक फैल चुकी थी, जिससे आग पर काबू पाने में दमकलकर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी। टीम की तत्परता और त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास फैलने से रोकते हुए पूरी तरह बुझा दिया गया। घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही। अग्निशमन विभाग के मुताबिक, आग से गोदाम में रखा टेंट का सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किए जाने की जानकारी नहीं दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button