आधुनिक फिजियोथेरेपी मशीनों और विशेषज्ञ सेवा से मरीजों को मिलेगा बेहतर उपचार

गाजियाबाद। सामाजिक उत्तरदायित्व और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली मेरठ रोड़ स्थित आईटीएस फिजियोथेरेपी कॉलेज ने जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। संस्थान द्वारा जिला चिकित्सालय, संजय नगर के फिजियोथेरेपी विभाग को आधुनिक फिजियोथेरेपी मशीनें एवं आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए गए। इसके साथ ही मरीजों को बेहतर उपचार और देखभाल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग में एक फिजियोथेरेपिस्ट की भी नियुक्ति की गई है। आईटीएस-दी एजुकेशन ग्रुप की इस सराहनीय पहल को स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। संस्थान की ओर से कहा गया कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग करना उनका प्राथमिक उद्देश्य है। यह पहल आईटीएस-दी एजुकेशन ग्रुप के वाइस चेयरमैन श्री अर्पित चड्ढा के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में संपन्न हुई। उनकी प्रेरणा से संस्थान लगातार शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम के दौरान जिला चिकित्सालय, संजय नगर के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय गुप्ता की उपस्थिति में विभिन्न आधुनिक मशीनें विभाग को सौंप दी गईं। फिजियोथेरेपी विभाग को जिन प्रमुख उपकरणों से सुसज्जित किया गया है उनमें आईएफटी मशीन, अल्ट्रासाउंड मशीन, टेन्स यूनिट, वैक्स बाथ यूनिट सहित कई अन्य आवश्यक फिजियोथेरेपी उपकरण शामिल हैं। इन मशीनों के माध्यम से मरीजों को आधुनिक तकनीक पर आधारित उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा, जिससे दर्द, मांसपेशियों की समस्या, जोड़ों की तकलीफ और अन्य शारीरिक परेशानियों से जूझ रहे मरीजों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय गुप्ता ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी अस्पतालों में बढ़ती मरीजों की संख्या को देखते हुए इस प्रकार का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आधुनिक मशीनों और विशेषज्ञ सेवाओं के मिलने से अस्पताल के फिजियोथेरेपी विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। संस्थान प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रयास न केवल मरीजों को लाभ पहुंचाएगा बल्कि समाज के प्रति संस्थान की सेवा भावना को भी और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने में शिक्षा संस्थानों की भागीदारी समय की आवश्यकता है और आईटीएस समूह भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम के अंत में संस्थान की ओर से इस प्रेरणादायी एवं जनहितकारी पहल के लिए आईटीएस-दी एजुकेशन ग्रुप के वाइस चेयरमैन श्री अर्पित चड्ढा के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही यह उम्मीद जताई गई कि इस सहयोग से जिला चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को आधुनिक और प्रभावी उपचार सुविधाएं प्राप्त होंगी।



