शहर-राज्य

आंवला से हटे सीओ नितिन कुमार, महीनों की सियासी चर्चा पर विराम; एसएसपी ने तीन सीओ के कार्यक्षेत्र बदले

बरेली। आंवला सर्किल को लेकर पिछले कई महीनों से चल रही राजनीतिक और प्रशासनिक चर्चाओं पर रविवार को विराम लग गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने पुलिस उपाधीक्षकों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल करते हुए आंवला के सीओ नितिन कुमार का तबादला कर दिया। उनकी जगह हाल ही में एनसीआर से स्थानांतरित होकर बरेली पहुंचे हेमंत कुमार उपाध्याय को आंवला सर्किल की कमान सौंपी गई है।

सूत्रों के मुताबिक, जिले के एक भाजपा विधायक लंबे समय से तत्कालीन सीओ की कार्यशैली से असंतुष्ट बताए जा रहे थे। यह भी चर्चा रही कि उन्होंने कई बार उच्चाधिकारियों से आंवला सर्किल में बदलाव की मांग की थी। हालांकि पुलिस की ओर से तबादले को नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा माना गया है।

हटे जरूर, लेकिन मिली शहर के सबसे अहम सर्किलों में जिम्मेदारी

आंवला से स्थानांतरित किए गए सीओ नितिन कुमार को नगर-द्वितीय सर्किल का प्रभारी बनाया गया है। इस सर्किल में किला, सुभाषनगर और सीबीगंज जैसे संवेदनशील थाना क्षेत्र शामिल हैं, जहां कानून-व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती माना जाता है। ऐसे में उनकी नई तैनाती को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के तौर पर देखा जा रहा है, जिससे यह संकेत भी मिलता है कि वरिष्ठ अधिकारियों का उन पर भरोसा कायम है।

हेमंत कुमार के सामने होगी कानून-व्यवस्था की चुनौती

नवागत सीओ हेमंत कुमार उपाध्याय अब आंवला, भमौरा, विशारतगंज और अलीगंज थाना क्षेत्रों की कमान संभालेंगे। उनके सामने अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई और पुलिस-जन संवाद को प्रभावी बनाने की चुनौती होगी।

वहीं सीओ अंजनी कुमार तिवारी को यातायात, यूपी-112 और वीआईपी ड्यूटी का दायित्व सौंपा गया है। वे अब तक नगर-द्वितीय सर्किल का कार्यभार देख रहे थे। एसटीएफ में लंबे अनुभव के बावजूद सीओ के रूप में उनकी तैनाती के दौरान अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आ सके। अब उन्हें अपेक्षाकृत अलग प्रकृति की जिम्मेदारी दी गई है।

रविवार को जारी आदेश में इन तीन अधिकारियों के अलावा अन्य किसी पुलिस उपाधीक्षक के कार्यक्षेत्र में बदलाव नहीं किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button