ग़ाज़ियाबाद

विधान परिषद चुनाव के लिए आज 13 केंद्रों पर पड़ेगा वोट

-जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने के निर्देश

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए जिले में चुनावी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को होने वाले मतदान के लिए गुरुवार को सभी मतदान पार्टियों को निर्धारित केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने इन्ग्राहम इंटर कॉलेज, हापुड़ रोड, राजनगर में मतदान दलों के प्रस्थान के दौरान व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाए। जिले में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन के लिए कुल 13 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन केंद्रों पर शुक्रवार सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा।जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दलों की रवानगी के दौरान निर्वाचन से संबंधित तैयारियों, व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ करें। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी व्यवस्थाएं इस तरह सुनिश्चित की जाएं कि मतदाताओं को मतदान करने में किसी तरह की परेशानी न हो और निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके। मतदान दलों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के साथ मतपेटिकाओं और निर्वाचन संबंधी अभिलेखों की सुरक्षित वापसी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान समाप्त होने के बाद शुक्रवार शाम पांच बजे से मतदान पार्टियों की वापसी शुरू होगी। सीलबंद मतपेटिकाएं और निर्वाचन संबंधी अभिलेख संबंधित उप जिलाधिकारियों के माध्यम से जमा कराए जाएंगे। इसके बाद पुलिस अभिरक्षा में रिटर्निंग ऑफिसर, मेरठ के निर्देशानुसार इन्हें मेरठ स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के निर्धारित स्ट्रांग रूम में जमा कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतपेटिकाओं और अभिलेखों के परिवहन तथा जमा कराने की प्रक्रिया में निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन किया जाए। निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन ने मतदान दलों की रवानगी से लेकर मतदान सामग्री की सुरक्षित वापसी तक सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का दावा किया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मतदान के दौरान नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने मीडिया से बातचीत में बताया कि 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान कराया जाएगा। शासन के निर्देशों के अनुसार मतदान समाप्त होने तक मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन पर प्रतिबंध लागू रहेगा। निर्धारित निर्देशों के अनुरूप शुष्क दिवस का पालन कराया जाएगा। संबंधित विभागों को प्रतिबंध का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मेरठ खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के पात्र मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान दिवस पर विशेष आकस्मिक अवकाश अनुमन्य किया गया है। इससे पात्र मतदाता मतदान में भाग ले सकेंगे। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग करें तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी कर्तव्यनिष्ठा और पारदर्शिता के साथ करें। निर्वाचन संबंधी तैयारियों, गतिविधियों, सूचनाओं के आदान-प्रदान और समस्याओं के निस्तारण के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. राजीव कुमार श्रीवास्तव को कंट्रोल रूम प्रभारी नामित किया गया है। निर्वाचन से संबंधित किसी भी समस्या या जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 0120-2820619 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त कंट्रोल रूम प्रभारी के मोबाइल नंबर 8707772563 पर भी संपर्क करने की व्यवस्था है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि जिले में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन के लिए कुल 13 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। लोनी, राजनगर, मकनपुर, घंटाघर, विजयनगर, रजापुर, मुरादनगर, मोदीनगर और भोजपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में मतदान की व्यवस्था की गई है।
निर्धारित मतदान केंद्रों में विकास खंड कार्यालय लोनी, कैलाशवत्ती इंटर कॉलेज, नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज मकनपुर, जिला उद्योग केंद्र, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, इन्ग्राहम इंटर कॉलेज राजनगर, शंभू दयाल इंटर कॉलेज घंटाघर, नगर निगम का क्षेत्रीय कार्यालय विजयनगर, विकास खंड कार्यालय रजापुर, श्री हंस इंटर कॉलेज मुरादनगर, साइंस एंड कॉमर्स कॉलेज मोदीनगर, महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज गोविंदपुरी और विकास खंड कार्यालय भोजपुर शामिल हैं। इन केंद्रों पर स्नातक निर्वाचन के मतदेय स्थल संख्या 230 से 288 तक निर्धारित किए गए हैं, जिनमें आवश्यकतानुसार अतिरिक्त अक्षर वाले मतदेय स्थल भी शामिल हैं। शिक्षक निर्वाचन के लिए मतदेय स्थल संख्या 73 से 86 तक व्यवस्था की गई है। कुछ केंद्रों पर एक से अधिक मतदेय स्थल निर्धारित होने के कारण दोनों निर्वाचन क्षेत्रों की मतदान व्यवस्था अलग-अलग रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button