लखनऊ में मुख्यमंत्री से मिले विधायक बाबूराम पासवान, पूरनपुर के विकास और किसानों के हितों से जुड़े मुद्दे उठाए

वेलकम इंडिया पीलीभीत
पूरनपुर/पीलीभीत।पूरनपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक बाबूराम पासवान ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री सरकारी आवास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान पूरनपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास, बिजली व्यवस्था, सड़क निर्माण और किसानों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को लेकर अलग-अलग मांग पत्र भी सौंपे।बैठक में विधायक बाबूराम पासवान ने पूरनपुर विधानसभा क्षेत्र में कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों के कारण लगातार बिजली आपूर्ति बाधित होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि ओवरलोड होने से ट्रांसफार्मर बार-बार जल रहे हैं और खराब हो रहे हैं, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को लंबे समय तक बिजली संकट का सामना करना पड़ता है। उन्होंने क्षेत्र में आवश्यकतानुसार अधिक क्षमता वाले ट्रांसफार्मर लगाए जाने तथा खराब ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदले जाने की मांग की, ताकि लोगों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सके।
इसके अलावा विधायक ने प्रमुख सचिव (लोक निर्माण विभाग) को पत्र देकर पूरनपुर विधानसभा क्षेत्र के दो प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य जल्द शुरू कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन मार्गों की स्थिति बेहतर होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।
विधायक बाबूराम पासवान ने किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए ‘दि किसान सहकारी चीनी मिल’ की मरम्मत, तकनीकी सुधार और उसके सुचारू संचालन की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि चीनी मिल के बेहतर संचालन से क्षेत्र के हजारों गन्ना किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी जनहित के विषयों को गंभीरता से सुना। दोनों नेताओं ने संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कर जनहित के कार्यों को शीघ्र स्वीकृति एवं समाधान दिलाने का आश्वासन दिया।
इस मुलाकात को पूरनपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि बिजली, सड़क और किसानों से जुड़े लंबित कार्यों में अब तेजी आएगी तथा विकास योजनाओं को जल्द धरातल पर उतारा जाएगा।

