रोजगार मेले में 15 अभ्यर्थियों का मशीन ऑपरेटर पद पर चयन

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। जिला सेवायोजन कार्यालय में गुरुवार को आयोजित एक दिवसीय रोजगार मेले में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेले में लुधियाना की वर्धमान यॉर्नेज एंड थ्रेड्स कंपनी ने विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। कंपनी ने कुल 65 अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लिया, जिसमें से 15 युवाओं का मशीन ऑपरेटर पद के लिए चयन किया गया। जिला सेवायोजन कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि रोजगार मेले का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी की ओर से आगे की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर कंपनी के प्रतिनिधि वेद कौशिक, जिला सेवायोजन अधिकारी मिथिलेश कुमार मिश्रा तथा कार्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन कर युवाओं को रोजगार से जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा।




