मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

सरकारी योजनाओं, साइबर सुरक्षा और महिला अपराधों की दी जानकारी
वेलकम इण्डिया/
असदुल्लाह सिद्दीकी
मोहाना/सिद्धार्थनगर। मिशन शक्ति फेज-6 के तहत शुक्रवार को मोहाना थाना की मिशन शक्ति टीम ने क्षेत्र के मधुबनी टोला जिगिनिहा गांव में जनचौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया। इस दौरान महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। थानाध्यक्ष दीपक कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया गया। महिलाओं को साइबर अपराध से बचाव और महिला अपराधों की शिकायत करने के तरीकों की भी जानकारी दी गई। टीम ने आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए 112, महिला हेल्पलाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया। महिलाओं से किसी भी तरह की परेशानी होने पर बिना डर पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई। इस दौरान हेड कांस्टेबल विनोद भारती, कांस्टेबल मनीष सिंह और महिला कांस्टेबल काजल अग्रहरि मौजूद रहीं।


