शहर-राज्य

महामहिम राष्ट्रपति ने किया रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम चैरिटेबल अस्पताल के नवीन ब्लॉक के शिलापट्ट का अनावरण

मनोज शर्मा

मथुरा। महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु एवं महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल का वृन्दावन स्थित रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम (चैरिटेबल अस्पताल) पर आगमन हुआ। महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी का स्वागत रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम के श्रीमत् स्वामी विमलात्मानंद जी महाराज, स्वामी सुप्रकाशानंद जी महाराज एवं स्वामी कालीकृष्णानंद जी महाराज ने पुष्पगुच्छ देकर किया।

             महामहिम राष्ट्रपति  ने रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम चैरिटेबल अस्पताल के नवीन ‘नंद किशोर सोमानी ऑन्कोलॉजी ब्लॉक’ की शिलापट्ट का अनावरण किया। महामहिम राष्ट्रपति  ने फीता काटकर नंद किशोर सोमानी ऑन्कोलॉजी ब्लॉक का उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् महामहिम राष्ट्रपति  एवं महामहिम राज्यपाल ने रामकृष्ण परमहंस जी, श्रीमती शारदा देवी जी एवं स्वामी विवेकानन्द जी के चित्र के समक्ष पुष्पार्पण किया।

            पुष्पार्पण के उपरांत महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु  एवं महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल रामकृष्ण सेवाश्रम चैरिटेबल अस्पताल के परिसर में स्थित सभागार पहुंची। सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु, महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल, माननीय मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें लक्ष्मी नारायण चौधरी, माननीय प्रभारी मंत्री/माननीय मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग संदीप सिंह , श्रीमत् स्वामी विमलात्मानंद महाराज एवं एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड (एचडीएफसी एएमसी) के प्रबंध निदेशक/ मुख्य कार्यपालक अधिकारी नवनीत मुनोट ने दीप प्रज्जवलित किया।

              कार्यक्रम में महामहिम राष्ट्रपति जी ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि पवित्र वृन्दावन धाम में रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम चेरिटेबल अस्पताल में नवनिर्मित नंद किशोर सोमनी ऑन्कोलॉजी ब्लॉक का उद्घाटन कर मुझे संतोष महसूस हो रही है। वृन्दावन की पावन धरा दिव्यता और भक्ति का जीवंत अनुभव है, जहां प्रत्येक कड़-कड़ में भगवान श्री कृष्ण जी की लीलाओं की गूंज सुनाई देती है। वृन्दावन वही पवित्र भूमि है, जो सदियों से संतो एवं भक्तों को आध्यात्मिक चेतना प्रदान करती आ रही है। यह पवित्र भूमि निस्वार्थ प्रेम, करुणा और भक्ति की शास्वत संदेश को देश-विदेश में प्रसारित करती हैं।

            महामहिम राष्ट्रपति जी ने कहा कि रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम चेरिटेबल अस्पताल आध्यात्मिक चेतना और मानवीय सेवा के संगम का सशक्त प्रतीक है। रामकृष्ण मिशन ने यह संदेश दिया है कि प्रेम, सेवा और करुणा ईश्वर को खोजने का सर्वप्रथम मार्ग हैं। रामकृष्ण परमहंस जी के आदर्शों का अनुसरण करते हुए यह संगठन उनके संदेशों को अपने कर्म और आचरण से साकार कर रही है। पिछले 118 वर्षों से रामकृष्ण मिशन लोगों की निष्ठापूर्वक सेवा कर रही है। जनहित के कार्य कर रामकृष्ण मिशन ने यह सिद्ध किया है कि सच्ची सेवा, निष्ठा और करुणा में  आध्यात्मिकता की वास्तविक अभिव्यक्ति है।

            मानवसेवा की सेवा यात्रा में ऑनकॉलजी ब्लॉक का शुभारंभ एक विशेष पड़ाव के रूप में साबित होगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों के माध्यम से कैंसर रोगियों को सही, सुरक्षित और प्रभावी उपचार मिलेगा। कैंसर आज सबसे गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक है। समय पर रोग की पहचान और रोग का उच्चस्तरीय उपचार मिलने से रोगी का जीवन बचाने में निर्णायक सिद्ध हो सकती है।

           आज भारत अपने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और ठोस कदम उठा रही है। आयुष्मान भारत जैसे ऐतिहासित योजना के माध्यम से करोड़ों नागरिकों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत कैंसर के इलाज को भी कवर किया जा रहा है, जिससे गरीब और जरूरतमंदों को लाभ मिल रहा है।

              इस अवसर पर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी ने वृंदावन की पावन धरा को सेवा एवं करुणा की भूमि बताते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद के ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ के आदर्श को रामकृष्ण मिशन ने 118 वर्षों से साकार किया है। उन्होंने कहा कि एक छोटे सेवा केंद्र से 400 बेड के बहु-विशेषता अस्पताल तक की यात्रा सेवा के विराट स्वरूप का उत्कर्ष है। महामहिम राज्यपाल जी ने कहा कि जब चिकित्सा विज्ञान मानवता के कल्याण हेतु समर्पित होता है, तब वह जीवन के पुनर्निर्माण का माध्यम बन जाता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह ऑन्कोलॉजी ब्लॉक असंख्य मरीजों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। उन्होंने इस पुनीत कार्य में संलग्न सन्यासियों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, स्वास्थ्य कर्मियों तथा दानदाताओं के योगदान की सराहना की।

              स्वामी कालीकृष्णानंद जी महाराज ने अवगत कराया है कि रामकृष्ण मिशन द्वारा संचालित रामकृष्ण सेवाश्रम चैरिटेबल हॉस्पिटल विगत 118 वर्षों से मथुरा एवं आसपास के क्षेत्रों के गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को निरंतर चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रहा है। वर्तमान में यह अस्पताल 400 बेड का बहु-विशेषता (मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी) संस्थान बन चुका है, जहाँ कॉर्पोरेट स्तर की चिकित्सा सेवाएं भी अत्यंत किफायती एवं धर्मार्थ दरों पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

            रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम किफायती दरों पर कॉर्पोरेट अस्पताल जैसी सेवाएं प्रदान करता है। यह अस्पताल सुनिश्चित करता है कि सबसे गरीब और जरूरतमंद लोगों तक सर्वोत्तम गुणवत्ता वाली सेवाएं पहुंचें। वर्ष 2017 में अस्पताल में ऑन्कोलॉजी विभाग की स्थापना की गई, जिसके अंतर्गत आधुनिक कैंसर सर्जरी, कीमोथेरेपी तथा इम्यूनोथेरेपी जैसी उन्नत सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।

             सम्पूर्ण कैंसर उपचार, विशेषकर रेडियोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु एक अत्याधुनिक समर्पित भवन ‘नंद किशोर सोमानी ऑन्कोलॉजी ब्लॉक’ का निर्माण किया गया है, जिसका लोकार्पण आज दिनांक 20 मार्च 2026 को महामहिम राष्ट्रपति जी द्वारा किया गया। यह तीन मंजिला भवन विशेष रूप से कैंसर उपचार के लिए विकसित किया गया है। यह नवीन पहल मथुरा एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सुलभ, किफायती एवं विश्वस्तरीय कैंसर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी। नंद किशोर सोमानी ऑन्कोलॉजी ब्लॉक में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिसमें  ट्रूबीम विद हाइपरआर्क,  हैल्सियन विद हाइपरसाइट, ब्रैकीथेरेपी, रेडियोथेरेपी सीटी सिम्युलेटर, ऑन्कोलॉजी ओपीडी, कीमोथेरेपी डे-केयर यूनिट, ऑन्कोलॉजी फार्मेसी, ट्यूमर बोर्ड कॉन्फ्रेंस हॉल, ड्यूटी डॉक्टर कक्ष,ऑन्कोलॉजी जनरल वार्ड, निजी कक्ष (प्राइवेट केबिन), दो अत्याधुनिक पूर्णतः मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर

ट्रूबीम विद हाइपरआर्क, हैल्सियन विद हाइपरसाइट तथा ब्रैकीथेरेपी जैसी उन्नत तकनीकों से युक्त है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button