भाकियू भानू में संगठनात्मक बदलाव, संचित दीक्षित बने बरेली मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष

शिक्षित नेतृत्व से किसानों की आवाज को मिलेगी मजबूती, कार्यकर्ताओं में उत्साह
(ब्यूरो चीफ लुकमान खान) दैनिक वेलकम इंडिया
पीलीभीत बीसलपुर/पीलीभीत। भारतीय किसान यूनियन (भानू) ने संगठन को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से बरेली मंडल में बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। संगठन ने किसानों के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने वाले युवा नेता संचित दीक्षित को बरेली मंडल का वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया है।
मंडल अध्यक्ष लालू मिश्रा द्वारा जारी मनोनयन पत्र के बाद क्षेत्र के किसानों व कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। संचित दीक्षित की नियुक्ति को संगठन के लिए नई ऊर्जा के रूप में देखा जा रहा है। पेशे से इंजीनियर संचित दीक्षित लंबे समय से किसानों के हक की लड़ाई में सक्रिय रहे हैं और जमीनी स्तर पर उनकी मजबूत पकड़ रही है।
तहसील बीसलपुर के ग्राम खरदाई निवासी संचित दीक्षित की सक्रियता और समर्पण को देखते हुए ही उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंडल अध्यक्ष लालू मिश्रा ने कहा कि संगठन को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं और उनके नेतृत्व में बरेली मंडल में किसानों की आवाज और प्रभावी ढंग से उठाई जाएगी।
नवनियुक्त वरिष्ठ उपाध्यक्ष संचित दीक्षित ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों का शोषण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं का समाधान कराना और उनके अधिकारों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र गुप्ता, तहसील मीडिया प्रभारी सबलू खान, लुकमान खान, सचिव शिवम तिवारी, जफर सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने नई जिम्मेदारी के लिए संचित दीक्षित को शुभकामनाएं दीं।



