ग़ाज़ियाबाद

नैनो यूरिया और डीएपी के इस्तेमाल से बढ़ेगी खेती की गुणवत्ता, किसानों को मिलेगा प्रशिक्षण 

गाजियाबाद। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोडऩे और खेती में उर्वरकों के संतुलित इस्तेमाल के प्रति जागरूक करने के लिए इफको की ओर से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें किसानों को नैनो यूरिया, नैनो डीएपी और संतुलित उर्वरक प्रयोग की जानकारी दी जाएगी। इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ की अध्यक्षता में गुरुवार को इफको और सहकारिता विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों तक कृषि संबंधी उपयोगी जानकारी पहुंचाने और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। इफको के क्षेत्राधिकारी सूरज सिंह ने बताया कि बैठक में सहकारी क्षेत्र को मजबूत बनाने के साथ किसानों को इफको के नैनो उत्पादों और नवीन कृषि तकनीकों की जानकारी देने पर विचार-विमर्श हुआ। अधिकारियों ने संतुलित उर्वरक उपयोग, उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता और नैनो यूरिया व नैनो डीएपी के उचित इस्तेमाल के बारे में किसानों को प्रशिक्षित करने की योजना पर चर्चा की। इसका उद्देश्य टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देना और फसल उत्पादन बेहतर बनाने के लिए किसानों को जागरूक करना है। बैठक में इफको की ओर से संचालित सहकारी प्रशिक्षण कार्यक्रमों, किसान जागरूकता अभियानों और कृषि तकनीकों के प्रचार-प्रसार की समीक्षा भी की गई। सीडीओ कुमार सौरभ ने संबंधित विभागों को इफको के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों तक शासन की योजनाओं और खेती से जुड़ी उपयोगी जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सकती है। बैठक में इफको के मेरठ एरिया मैनेजर कृष्णा कुमार सिंह, सहकारिता विभाग के सहकारिता आयुक्त अमित कुमार और इफको के गाजियाबाद फील्ड ऑफिसर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button