नेपाल सीमा पर 21 जोड़ी पायल के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
मोहाना/सिद्धार्थनगर। थाना मोहाना पुलिस एवं एसएसबी ककरहवा की संयुक्त टीम ने सोमवार को भारत-नेपाल सीमा पर कार्रवाई करते हुए 21 जोड़ी सफेद धातु की पायल, एक साइकिल और एक भारतीय अभियुक्त को पकड़ लिया। बरामद पायल का कुल वजन 651 ग्राम बताया गया है। थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में थाना मोहाना पुलिस और एसएसबी ककरहवा द्वारा सीमा स्तंभ संख्या 543/01 के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई, जिसके पास से 21 जोड़ी सफेद धातु की पायल और एक साइकिल बरामद हुई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान परशुराम गुप्ता (59) पुत्र तीरथ गुप्ता, निवासी सलहन्तपुर, थाना मोहाना, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है। बरामद सामान एवं अभियुक्त के विरुद्ध कस्टम अधिनियम की धारा-11 के तहत आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय ककरहवा भेज दिया गया। कार्रवाई में चौकी प्रभारी ककरहवा उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल आत्मानंद यादव, कांस्टेबल अनुराग तिवारी तथा एसएसबी के उपनिरीक्षक हमीर सिंह सहित अन्य जवान शामिल रहे।



