शहर-राज्य

चश्मदीद गवाह को जान से मारने की धमकी, परिवार में दहशत

स्याना.खानपुर थाना क्षेत्र में एक चश्मदीद गवाह और उसके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां मिलने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। घटना के बाद से परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है।
शिकायत के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6 बजे महिला अपने घर के पास घरेलू कार्य कर रही थी। इसी दौरान गांव का एक युवक उसके घर के बाहर पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि युवक ने महिला की बेटी को जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता की बेटी एक चर्चित हत्याकांड में चश्मदीद गवाह बताई जा रही है, जिसके चलते उसे लगातार दबाव और धमकियां मिल रही हैं। परिजनों का कहना है कि आरोपी हाल ही में हुए दीपक हत्याकांड में शामिल व्यक्ति का भाई है। इसी वजह से वह गवाही को प्रभावित करने के उद्देश्य से परिवार को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहा है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 6 अप्रैल 2026 को भी आरोपी ने घर के बाहर आकर अभद्र व्यवहार किया था और धमकी दी थी। उस समय भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बुलंद हैं।
लगातार मिल रही धमकियों से युवती मानसिक तनाव में है और परिवार अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। परिवार का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, गवाह की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और परिवार को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई जाए, ताकि वे निर्भय होकर न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग कर सकें।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और तथ्यों के अनुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button