ग़ाज़ियाबाद

दो घंटे में दो भीषण सड़क हादसे, एक की मौत, 21 घायल;  घायलों का अस्पताल में उपचार

गाजियाबाद। सोमवार तड़के गाजियाबाद में महज कुछ मिनटों के अंतराल पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। दोनों दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि महिलाओं और बच्चों समेत कुल 21 लोग घायल हो गए। दोनों हादसे सुबह करीब साढ़े तीन से पौने चार बजे के बीच एनएच-9 और जीटी रोड पर हुए। दुर्घटनाओं के बाद पुलिस, स्थानीय लोगों और राहत टीमों ने तत्काल बचाव अभियान चलाकर घायलों को जिला एमएमजी अस्पताल पहुंचाया। हादसों के कारण मेरठ रोड पर कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। पहला हादसा एनएच-9 पर बागू स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास हुआ। नोएडा सेक्टर-110 निवासी 40 वर्षीय राजेश कुमार सैनी अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ हरिद्वार से गंगा स्नान कर मालवाहक टेंपो से लौट रहे थे। राजेश स्वयं वाहन चला रहे थे। सुबह करीब साढ़े तीन बजे उनका टेंपो आगे चल रही रोडवेज बस से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल राजेश कुमार सैनी सहित अन्य घायलों को तत्काल जिला एमएमजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल संगीता की हालत नाजुक होने पर उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का उपचार एमएमजी अस्पताल में किया गया।
इस हादसे में राजेश की पत्नी मंजू देवी, बेटा रितेश, अमन, बेटी रोशनी, शबनम, करन, रीना, नेहा, प्रियंका, संगीता, हर्ष, प्रिंस और रजनीश घायल हुए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दूसरा हादसा पहले हादसे के कुछ ही मिनट बाद जीटी रोड स्थित नया बस अड्डा फ्लाईओवर पर हुआ। ऋषिकेश से दिल्ली के कश्मीरी गेट जा रही उत्तराखंड रोडवेज की बस अचानक सामने आए एक ट्रक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग मदद के लिए चीखने लगे।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस हादसे में रीना, पिंकी, अनु, ओमवती, कुसुम, मुकेश, राजेश शर्मा और विष्णु सिंह घायल हो गए। सभी घायलों को जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश यात्रियों को छुट्टी दे दी गई। दोनों दुर्घटनाओं के चलते मेरठ रोड पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। सुबह कार्यालय समय होने के कारण सड़क पर वाहनों का दबाव अधिक था, जिससे दुर्घटनाग्रस्त बस हटाए जाने तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि दोनों सड़क हादसों में घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया गया। रोडवेज बस हादसे में अधिकांश यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस दोनों दुर्घटनाओं के कारणों की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button