दुधारा थाने पर आगामी त्यौहारों (दीपावली, धनतेरस, लक्ष्मी पूजा एवं भाईदूज) के दृष्टिगत पीस कमेटी एवं डीजे संचालकों की बैठक संपन्न

संतकबीरनगर। रविवार को थाना दुधारा परिसर में थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता मे आगामी पर्वों दीपावली, धनतेरस, लक्ष्मी पूजा और भाईदूज को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना दुधारा परिसर में पीस कमेटी, डीजे संचालकों, मूर्ति स्थापना समितियों और क्षेत्र के संभ्रान्त नागरिकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान शासन प्रशासन द्वारा दिशा-निर्देशों से सभी उपस्थित लोगों को अवगत कराया गया, सभी डीजे संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे सर्वोच्च न्यायालय एवं शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा और नियमों के भीतर ही डीजे का संचालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मूर्ति आयोजकों को मूर्तियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा पंडालों के आसपास सुरक्षा की दृष्टि से अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए गए। थानाध्यक्ष महोदय ने सभी से अपील की कि त्यौहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
बैठक में उपस्थित सभी संभ्रान्त व्यक्तियों और समितियों के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस दौरान क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिक और पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।


