ग़ाज़ियाबाद

दिन में ईवी चार्ज कराना होगा सस्ता, 564 स्टेशनों पर मिलेगी 20 फीसदी टीओडी छूट 

गाजियाबाद। इलेक्ट्रिक वाहन चालकों के लिए राहत की खबर है। गाजियाबाद जिले के 564 सार्वजनिक इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशनों पर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वाहन चार्ज कराने पर 20 प्रतिशत टीओडी यानी समय आधारित छूट का लाभ मिलेगा। इसका सीधा फायदा उन वाहन चालकों को मिलेगा, जो दिन के समय अपने इलेक्ट्रिक वाहनों को सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशनों पर चार्ज कराते हैं। जिले में करीब 80 हजार इलेक्ट्रिक वाहन होने के कारण बड़ी संख्या में वाहन चालकों के इस योजना से जुडऩे की उम्मीद है। टीओडी छूट का उद्देश्य बिजली की खपत को दिन के ऐसे समय में बढ़ाना है, जब सौर ऊर्जा का उत्पादन अधिक होता है। सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन पर ईवी चार्ज कराने वाले वाहन चालकों को निर्धारित शुल्क में 20 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इससे इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को चार्जिंग लागत कम करने का लाभ मिलेगा और दिन के समय चार्जिंग को भी प्रोत्साहन मिलेगा। तेज धूप के दौरान सौर ऊर्जा का उत्पादन बढ़ जाता है। ऐसे समय में अतिरिक्त सौर बिजली के ग्रिड में जाने से वोल्टेज प्रबंधन की चुनौती पैदा हो सकती है। दिन के समय इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग बढऩे से इस अतिरिक्त बिजली की खपत स्थानीय स्तर पर हो सकेगी। इससे सौर ऊर्जा का बेहतर उपयोग होने के साथ बिजली ग्रिड को संतुलित रखने में भी मदद मिलेगी। 20 प्रतिशत टीओडी छूट केवल सार्वजनिक इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशनों पर लागू होगी। घरेलू या निजी परिसर में लगे चार्जिंग उपकरणों से वाहन चार्ज कराने पर इस छूट का लाभ नहीं मिलेगा। सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशनों की संख्या अधिक होने और जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दिन में चार्जिंग को बढ़ावा देने की यह व्यवस्था वाहन चालकों के साथ-साथ ऊर्जा प्रबंधन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button