ग़ाज़ियाबाद

दीवाली-छठ पर बिहार जाने वालों को राहत, गाजियाबाद से चलेंगी दो फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें- त्योहारों पर यात्रियों की भीड़ कम करने के लिए रेलवे ने की अतिरिक्त व्यवस्था

गाजियाबाद। दीवाली और छठ पूजा पर बिहार जाने की तैयारी कर रहे दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों के लिए राहत की खबर है। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढऩे वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे नवंबर में दो फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा। ये ट्रेनें दिल्ली के शकूरबस्ती से बिहार के पटना और झंझारपुर के लिए चलाई जाएंगी। खास बात यह है कि दोनों ट्रेनों का ठहराव गाजियाबाद स्टेशन पर भी होगा। इससे जिले और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले यात्रियों को बिहार जाने के लिए दिल्ली तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 04404/04403 शकूरबस्ती-पटना-शकूरबस्ती अनारक्षित फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस का संचालन किया जाएगा। शकूरबस्ती से पटना के लिए ट्रेन पांच नवंबर को रवाना होगी, जबकि वापसी में पटना से छह नवंबर को चलेगी। रास्ते में ट्रेन नई दिल्ली, गाजियाबाद, अलीगढ़, टूंडला, गोविंदपुरी, मिर्जापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और दानापुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। दूसरी ट्रेन गाड़ी संख्या 04410/04409 शकूरबस्ती-झंझारपुर-शकूरबस्ती अनारक्षित फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस होगी। यह ट्रेन भी पांच नवंबर से संचालित होगी। इसके ठहराव वाले स्टेशनों में नई दिल्ली, गाजियाबाद, अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल, गोंडा, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी और सकरी शामिल हैं। इस ट्रेन से बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। दीवाली और छठ पूजा के दौरान दिल्ली-एनसीआर से बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है और जनरल व स्लीपर कोच में भी भीड़ बढ़ जाती है। स्पेशल ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को सफर के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा और नियमित ट्रेनों पर दबाव कम करने में मदद मिलेगी। गाजियाबाद स्टेशन पर ठहराव होने से स्थानीय यात्रियों का समय और दिल्ली आने-जाने का अतिरिक्त खर्च भी बचेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button