थाना दुधारा में थानाध्यक्ष की अध्यक्षता में ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) की बैठक संपन्न, आगामी त्योहारों के मद्देनजर दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

संतकबीरनगर। रविवार क़ो थानाध्यक्ष दुधारा अमित कुमार कुशवाहा की अध्यक्षता में ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) की बैठक आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य शरदीय नवरात्र, दुर्गा पूजा, दशहरा और मूर्ति विसर्जन के पावन पर्वों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना रहा। थानाध्यक्ष महोदय द्वारा सभी ग्राम प्रहरियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने गांवों में स्थापित होने वाली दुर्गा प्रतिमाओं के पंडालों पर विशेष रूप से उपस्थित रहें और लगातार निगरानी बनाए रखें। चौकीदारों को कड़े निर्देश दिए गए कि उनके क्षेत्र में छोटी से छोटी या किसी भी प्रकार की संदिग्ध बात संज्ञान में आने पर तत्काल थानाध्यक्ष, बीट पुलिस अधिकारी या हल्का प्रभारी को अविलंब अवगत कराया जाए, ताकि समय रहते उचित कदम उठाए जा सकें। पर्वों के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए पुलिस और ग्राम प्रहरियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।


