तमंचे की नौक पर गौशाला के चौकीदार के साथ मारपीट के बाद चौकीदार के बंधे हाथ खोलते गौशाला के साधु

तमंचे की नोक पर गौशाला से गोवंश ले गए तस्कर, चौकीदार को बनाया बंधक
मथुरा। थाना कोसीकलां क्षेत्र के गांव ऐंच स्थित अस्थाई गौशाला में गुरुवार देर रात हथियारबंद गौ तस्करों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। रात करीब एक बजे 5 से 6 अज्ञात बदमाश गौशाला में घुस आए और वहां चौकीदारी कर रहे महाराज सोरन दास को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया। आरोप है कि बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देते हुए 10 से 12 गोवंश वाहन में लादे और मौके से फरार हो गए।
चौकीदार सोरन दास के अनुसार बदमाशों ने उनकी कनपटी पर तमंचा रखकर कहा कि यदि शोर मचाया तो गोली मार देंगे। घटना के बाद सूचना मिलते ही थाना कोसीकलां पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
ग्राम प्रधान हरिपाल सिंह ने घटना को कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। शाहपुर चौकी प्रभारी विनीत नेहरा ने बताया कि पुलिस टीम आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चला रही है तथा सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।


