ग़ाज़ियाबाद

डीसीपी ने रात की सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक तक परखी व्यवस्था, कंट्रोल रूम से हर गतिविधि पर नजर, पुलिसकर्मियों को अलर्ट रहने के निर्देश 

गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने के लिए पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को कांवड़ मार्ग पर उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीसीपी नगर एवं ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने मधुबन बापूधाम क्षेत्र में कांवड़ मार्ग और विभिन्न शिविरों का निरीक्षण किया। वहीं, एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने कांवड़ कंट्रोल रूम और एएलटी चौराहे पर पहुंचकर पुलिस बल की तैनाती तथा ड्यूटी व्यवस्था को परखा। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। डीसीपी धवल जायसवाल ने कांवड़ मार्ग पर बने विभिन्न शिविरों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने पूरे मार्ग पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और निर्देश दिए कि सभी कैमरे पूरी तरह सक्रिय रहें। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान मार्ग की प्रत्येक गतिविधि पर लगातार निगरानी जरूरी है, इसलिए कैमरों में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या होने पर उसे तत्काल दूर कराया जाए। डीसीपी ने रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रकाश व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जहां भी रोशनी की व्यवस्था में कमी दिखाई दे, वहां तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए, ताकि कांवडिय़ों को रात के समय आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के कारण आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो और वैकल्पिक मार्गों पर यातायात सुचारु बना रहे। प्रमुख चौराहों और डायवर्जन प्वाइंट्स पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थान पर जाम की स्थिति बनती है तो पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कराएं। डीसीपी ने कांवड़ मार्ग पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों से बातचीत कर उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी ली और पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने कांवड़ कंट्रोल रूम और एएलटी चौराहे का निरीक्षण कर ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने कंट्रोल रूम से संचालित निगरानी व्यवस्था को परखा और निर्देश दिए कि सभी ड्यूटी प्वाइंट्स के बीच लगातार बेहतर समन्वय बना रहे, ताकि किसी भी सूचना पर बिना देरी के कार्रवाई की जा सके। एसीपी ने पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश देते हुए कहा कि कांवडिय़ों की सुरक्षा और सुविधा के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जाए और श्रद्धालुओं के साथ हमेशा विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखा जाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button