शहर-राज्य

डीआईजी संजीव त्यागी बोले— सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय

एमएन पब्लिक स्कूल में साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान संपन्न 

मुहम्मद परवेज़ अख्तर/ वेलकम इंडिया 

संतकबीरनगर। बुद्धवार को विकास खंड सेमरियावां क्षेत्र के सोनौरा गौसी स्थित एमएन पब्लिक स्कूल में साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल सुरक्षा तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि तेजी से बढ़ते डिजिटल युग में तकनीक का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बस्ती रेंज के डीआईजी संजीव त्यागी ने कहा कि इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग हमेशा सावधानीपूर्वक करें। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम पिन, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय सूचनाएं साझा न करें। उन्होंने विद्यार्थियों को फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी साइबर अपराध की जानकारी तत्काल साइबर हेल्पलाइन या निकटतम पुलिस स्टेशन को दें। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराधों के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार है।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने कहा कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का डिजिटल रूप से जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं सतर्क रहें और अपने परिवार व समाज को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

इससे पूर्व साइबर थाना की हेड कांस्टेबल अमृता सिंह ने साइबर अपराधो की विस्तृत जानकारी देते हुए लोगों को जागरूक किया। 

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किये। 

कार्यक्रम का संचालन अय्यूब खान एवं अफकार अहमद ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर प्रियम राज शेखर पांडेय, दुधारा थानाध्यक्ष अमित कुमार कुशवाहा, साइबर थाना हेड कांस्टेबल अमृता सिंह, विद्यालय प्रबंधक जुबेर अहमद, एमडी शोएब अहमद नदवी, सेराज अहमद, हाजी शब्बीर अहमद, इरशाद अहमद, पूर्व ब्लॉक प्रमुख महमूद आलम चौधरी, फिरोज अहमद नदवी, फुजैल अहमद नदवी, गुफरान अहमद, प्रधानाचार्य इसरार अहमद, सईद अहमद, खालिद खान, राम फूल, दीपेंद्र पाण्डेय, शहबाज अहमद, मीना मौर्या, फरीदुज्जमा, फैजान अहमद, फुजैल नदवी, हाफिज अब्दुल हादी, अतीक सिद्दीकी, हबीबुर्रहमान, हकीमुल्लाह, मोहसिन, अफजल हुसैन, एडवोकेट अब्दुल करीम, जमाल अहमद, मोहम्मद ईशा सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button