शहर-राज्य

जातिसूचक टिप्पणियों के विरोध में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी

सिद्धार्थनगर। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) की जिला इकाई ने गुरुवार को पिछड़े, अतिपिछड़े, दलित एवं अतिदलित समाज के सम्मान, सुरक्षा और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की मांग को लेकर जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि हाल के दिनों में पिछड़े, अतिपिछड़े, दलित एवं अतिदलित वर्गों के खिलाफ समाजवादी पार्टी के कुछ नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों द्वारा कथित रूप से जातिसूचक, अपमानजनक एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं, जिससे वंचित वर्गों में आक्रोश व्याप्त है। पार्टी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को उसकी जाति के आधार पर अपमानित करना संविधान की मूल भावना, सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। एसबीएसपी ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में गरीब एवं वंचित वर्गों के लोगों को कथित रूप से धमकाने, प्रताड़ित करने, भूमि पर अवैध कब्जा करने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक टिप्पणियां कर सामाजिक वैमनस्य फैलाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। पार्टी ने इन मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध राजनीतिक प्रभाव से परे कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पार्टी ने जातिसूचक एवं भेदभावपूर्ण टिप्पणियां करने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई, सोशल मीडिया पर नफरत फैलाने वालों पर साइबर कानूनों के तहत कार्रवाई, वंचित वर्गों के उत्पीड़न के मामलों की निष्पक्ष जांच तथा उनके सम्मान और अधिकारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था विकसित करने की मांग की। साथ ही समाज में जातिवाद के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की भी मांग की।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष दुर्योधन राजभर, प्रदेश उपाध्यक्ष केशव राजभर, प्रदेश प्रमुख महासचिव (महिला मंच) श्रीमती विनीता चतुर्वेदी, जिला उपाध्यक्ष महेंद्र राजभर, रामानंद राजभर, रवि वर्मा, गुलाब चंद कनौजिया, निरंजन निषाद, अमजद खान, रामनेवास राजभर, दिलीप राजभर, उपेंद्र राजभर, राजेंद्र राजभर, कन्हैयालाल वर्मा सहित पार्टी के तमाम पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button