शहर-राज्य

जलकुंभी में फंसा मिला युवक, पुलिस टीम ने बचाया

हालत बिगड़ने पर सीएचसी से जिला अस्पताल किया गया रेफर

वेलकम इंडिया पीलीभीत
पूरनपुर/पीलीभीत।मैगलगंज हाईवे किनारे रामपुर ता. महाराजपुर गांव के पास सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक गहरे पानी के कुंड में जलकुंभी के बीच फंसा हुआ दिखाई दिया। युवक काफी देर तक पानी से बाहर निकलने के लिए संघर्ष करता रहा। उसकी हालत देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए मदद के प्रयास शुरू किए।बताया जाता है कि हाईवे किनारे स्थित एक राइस मिल में काम करने वाले मजदूरों की नजर पानी के कुंड में फंसे युवक पर पड़ी। उन्होंने मौके पर पहुंचकर युवक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन वह जलकुंभी में बुरी तरह उलझा हुआ था। पानी की गहराई और जलकुंभी अधिक होने के कारण मजदूर उसे बाहर नहीं निकाल सके। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीम के जवान पानी में उतरे और काफी मशक्कत के बाद जलकुंभी के बीच फंसे युवक तक पहुंचे। जवानों ने युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। काफी देर तक पानी में रहने के कारण युवक की हालत बिगड़ चुकी थी और उसका शरीर अकड़ गया था।
पुलिस ने बिना देर किए युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरनपुर पहुंचाया। उसकी पहचान सुरेंद्र पुत्र चेतराम निवासी सिरसा के रूप में हुई है। सीएचसी में चिकित्सकों ने युवक का प्राथमिक उपचार किया। हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनीष राज शर्मा ने बताया कि युवक को प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं कोतवाल पवन पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। टीम ने युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। समय रहते युवक को पानी से बाहर निकाल लिए जाने से उसकी जान बच सकी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button