जर्जर सड़क से ग्रामीण बेहाल, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

मोदीनगर भोजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ईसापुर से लेकर ग्राम उलधन तक जाने वाली सड़क की हालत बद से बदतर हो चुकी है। सड़क पर गहरे गड्ढे और टूटी हुई सतह के कारण स्थानीय ग्रामीणों, छात्रों, मरीजों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर क्षेत्र के लोगों ने मोदीनगर तहसील में नायब एसडीएम अयान जैन को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि ईसापुर से उलधन तक की यह मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। हालत इतनी खराब है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क—यह पहचानना मुश्किल हो गया है। इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों लोगों का आवागमन होता है, लेकिन खराब सड़क के चलते हर दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
इस सड़क के बीच में ग्राम भदौला और त्यौड़ी जैसे बड़े गांव भी पड़ते हैं, साथ ही एक डिग्री कॉलेज, एक इंटर कॉलेज और एक सरकारी अस्पताल भी इसी मार्ग पर स्थित हैं। ऐसे में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और मरीजों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहन भी समय पर नहीं पहुंच पाते, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि खराब सड़क के कारण कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसी को लेकर क्षेत्र के लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ज्ञापन सौंपने वालों में मास्टर जावेद थोड़ी 13 बिस्वा तहसील अध्यक्ष डॉ. इमरान, फरमान ठेकेदार चौधरी, शकील अहमद , ताजिर हाजी सादिक सहित कई अन्य ग्रामीण और पदाधिकारी शामिल रहे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क का शीघ्र पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।



