शॉर्ट सर्किट से गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख, ग्रामीणों ने पाया आग पर काबू

असदुल्लाह सिद्दीकी
शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। विकास खण्ड बढ़नी के रोमनदेई गांव में बिजली के पोल से निकली चिंगारी से भीषण आग लग गई। इस घटना में 15 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक, आग लगने का मुख्य कारण बिजली के पोल से निकली चिंगारी थी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते फसल को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के लिए रोमनदेई और आस-पास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाया। इस अग्निकाण्ड में मोहम्मद अय्यूब, मोहम्मद सगीर, सलाहुद्दीन और मोहम्मद इस्लाम सहित कई किसानों की खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह खाक हो गई। किसानों को भारी नुकसान हुआ है। सूचना मिलने पर शोहरतगढ़ तहसील के लेखपाल सन्तोष कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित किसानों को हुए नुकसान का आकलन किया और उन्हें सरकारी नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।



