शहर-राज्य

गढ़वा खेड़ा में बंदरों का खौफ, घरों से निकलने में डर रहे ग्रामीण

कई लोगों को काटकर कर चुके घायल, शिकायतों के बावजूद वन विभाग पर कार्रवाई न करने का आरोप

वेलकम इंडिया पीलीभीत
गोरा/पीलीभीत। थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के गढ़वा खेड़ा गांव में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बंदरों के झुंड गांव में घूमकर लोगों पर हमला कर रहे हैं। आए दिन हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक अब तक कई लोगों को बंदर काटकर घायल कर चुके हैं, लेकिन समस्या से निजात दिलाने के लिए संबंधित विभाग की ओर से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।ग्रामीणों का कहना है कि बंदरों के झुंड अचानक लोगों पर हमला कर देते हैं। घरों के बाहर निकलने, रास्तों से गुजरने और रोजमर्रा के काम निपटाने के दौरान लोगों को काफी सतर्क रहना पड़ता है। बंदरों का सबसे अधिक खतरा बच्चों और बुजुर्गों को बना हुआ है। कई बार बंदर लोगों को दौड़ा लेते हैं और मौका मिलते ही काटकर घायल कर देते हैं। इससे ग्रामीणों में हर समय किसी अनहोनी की आशंका बनी रहती है।ग्रामीणों के अनुसार बंदरों के झुंड घरों के आसपास पहुंचकर उत्पात मचाते हैं। उनके डर से लोगों ने घरों के बाहर बैठना तक कम कर दिया है। बच्चों को अकेले बाहर भेजने में भी परिवार के सदस्य घबराते हैं। जरूरी काम से निकलने वाले लोगों को भी रास्तों पर बंदरों के हमले का खतरा बना रहता है।ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि लगातार घटनाएं होने के बावजूद अब तक समस्या को गंभीरता से नहीं लिया गया है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बंदरों को पकड़ने या उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ी घटना हो सकती है।ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से गांव में टीम भेजकर बंदरों को पकड़वाने और निगरानी की व्यवस्था कराने की मांग की है। साथ ही घायलों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द प्रभावी कार्रवाई करने की अपील की है। फिलहाल गढ़वा खेड़ा सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में बंदरों के आतंक से लोग परेशान हैं और वन विभाग की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button