शहर-राज्य

खेत में करंट लगने से 20 वर्षीय किसान की मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम

मथुरा/गोवर्धन। तहसील गोवर्धन के गांव बोरपा में खेत पर काम करने गए 20 वर्षीय किसान रूपेश की बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। ग्रामीणों का कहना है कि खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन काफी नीचे लटकी थी और इसकी कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

गांव बोरपा निवासी रूपेश बुधवार को खेत पर काम करने गया था। इसी दौरान वह बिजली लाइन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली लाइन को ठीक कराने के लिए ग्राम प्रधान के माध्यम से कई बार शिकायत की गई थी। ग्रामीणों का दावा है कि इस तरह की यह चौथी घटना है। हादसे की सूचना एसडीएम गोवर्धन को भी दी गई, लेकिन करीब दो घंटे तक बिजली और राजस्व विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।

अधिकारियों के नहीं पहुंचने से नाराज ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। मौके पर पहुंचे ब्लॉक प्रमुख विपिन सिंह ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button