खुनुवां बॉर्डर पर एसएसबी, पुलिस और कस्टम की संयुक्त बैठक

- एंटी स्मगलिंग अभियान के तहत गश्त, सघन चेकिंग और समन्वय बैठक आयोजित।
वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
खुनुवां/सिद्धार्थनगर।भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की रोकथाम और सीमा सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) सिद्धार्थनगर की सीमा चौकी खुनुवां द्वारा एंटी स्मगलिंग अभियान के तहत संयुक्त गश्त, सघन चेकिंग अभियान और समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान एसएसबी, पुलिस और कस्टम विभाग की संयुक्त टीम ने सीमा क्षेत्र में गहन निगरानी करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच की। साथ ही भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी की रोकथाम, खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान तथा प्रभावी सीमा सुरक्षा को लेकर आपसी समन्वय बढ़ाने और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सीमा पर तैनात सभी एजेंसियों ने तस्करी के विरुद्ध संयुक्त कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाने, नियमित संयुक्त गश्त चलाने तथा सूचना साझा करने पर सहमति व्यक्त की। इस अवसर पर पुलिस चौकी प्रभारी सुरेश यादव, एसएसबी उपनिरीक्षक पंकज सिंह तथा कस्टम निरीक्षक कपूर सिंह सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।



