ग़ाज़ियाबाद

खाली प्लॉट में पानी के भीतर मिला व्यक्ति का शव, दुर्गंध उठने पर खुला मामला

गाजियाबाद। शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र के विक्रम एन्क्लेव की गली नंबर-एक में शनिवार को खाली प्लॉट में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पानी में दबा हुआ था और उससे तेज दुर्गंध आ रही थी। आसपास के लोगों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस शव की शिनाख्त कराने के साथ ही मामले की जांच में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर को विक्रम एन्क्लेव की गली नंबर-एक के निवासियों ने पीआरवी को सूचना दी कि गली में स्थित एक खाली प्लॉट में व्यक्ति का शव पड़ा है। शव से दुर्गंध आने के कारण आसपास के लोगों को संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही शालीमार गार्डन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। शव की हालत देखकर मौके पर मौजूद लोगों में चर्चा फैल गई। शुरुआती आशंका जताई जा रही थी कि शव का सिर नहीं है, लेकिन बाहर निकालने पर सिर सहित पूरा शव मिला। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। शव को बाहर निकलवाने के बाद पंचायतनामा भरने और पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उसके परिजनों का पता लगाया जा सके। पुलिस मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। शव की स्थिति और मौत के कारणों को लेकर अभी कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारणों से जुड़े तथ्यों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने और मृतक की पहचान कराने में लगी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button