खस्ताहाल पुलिया की मरम्मत के लिए नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने डीएम को लिखा पत्र
वेलकम इण्डिया
बिस्कोहर/सिद्धार्थनगर। इटवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खखराव जाने वाले मार्ग पर स्थित क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत की मांग को लेकर नेता प्रतिपक्ष एवं इटवा विधायक माता प्रसाद पांडेय ने जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर को पत्र लिखा है। उन्होंने जनहित में पुलिया की शीघ्र मरम्मत कराने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है।
विधायक ने पत्र में उल्लेख किया है कि बिस्कोहर क्षेत्र के सोहना-कोहड़ौरा मार्ग से खखराव जाने वाले रास्ते पर स्थित पुलिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। यह मार्ग काफी व्यस्त है, जिससे आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए पुलिया का निर्माण अथवा मरम्मत कार्य जल्द शुरू कराने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित करने की मांग की है। पत्र की प्रतिलिपि अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड-एक, सिद्धार्थनगर को भी भेजी गई है। विधायक की पहल के बाद अब क्षेत्रीय ग्रामीणों को पुलिया की जल्द मरम्मत होने की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों का मानना है कि पुलिया की मरम्मत होने से आवागमन सुगम होगा और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।




