शहर-राज्य

आगामी दीपावली, छठ पूजा, भैया दूज एवं लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन सहित अन्य त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के दृष्टिगत मण्डलायुक्त एवं डीआईजी बस्ती की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में आयोजित हुई पीस कमेटी की बैठक, आपसी सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने की गई अपील

संतकबीरनगर। 

बुद्धवार को आगामी दीपावली, छठ पूजा, भैया दूज एवं लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन सहित अन्य त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने तथा जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष संतकबीरनगर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मण्डलायुक्त बस्ती वैभव श्रीवास्तव एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, बस्ती परिक्षेत्र बस्ती संजीव त्यागी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी संतकबीरनगर  अनुज मलिक, पुलिस अधीक्षक  संदीप कुमार मीना एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह सहित क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय क्षेत्राधिकारी धनघटा  अभयनाथ मिश्रा एवं क्षेत्राधिकारी मेहदावल सर्वदवन सिंह तथा जनपद के समस्त थाना प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए सम्भ्रान्त नागरिकों, धर्मगुरुओं एवं आयोजकों ने भी प्रतिभाग किया।

बैठक के दौरान दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं की गई अपील

बैठक के दौरान आगामी दीपावली, भैया दूज एवं लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन सहित अन्य त्योहारों को आपसी प्रेम, भाईचारे एवं पारस्परिक सौहार्द के साथ मनाए जाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों द्वारा उपस्थित सम्भ्रान्त नागरिकों, धर्मगुरुओं एवं आयोजकों से संवाद स्थापित कर त्योहारों के दौरान स्थानीय स्तर पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।

अधिकारियों द्वारा निर्देशित किया गया कि त्योहारों के दौरान किसी भी नई परम्परा की शुरुआत नहीं की जाएगी तथा पूर्व निर्धारित परम्पराओं के अनुरूप ही धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम सम्पन्न कराए जाएंगे। सभी आयोजक अपने कार्यक्रमों को निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप सम्पन्न कराएं। लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्गों एवं स्थलों का पालन करने तथा सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा नियमित फुट पेट्रोलिंग एवं क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर सतत निगरानी रखी जाए। बाजारों, प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों एवं विसर्जन स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखने के निर्देश दिए गए।

साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं अफवाह फैलाने वाली सूचनाओं पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भड़काऊ अथवा साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आमजन से अपील की गई कि किसी भी अपुष्ट सूचना अथवा अफवाह पर ध्यान न दें और ऐसी किसी भी सूचना को बिना सत्यापन के सोशल मीडिया पर साझा न करें।

*पुलिस-प्रशासन की आमजन से अपील*

पुलिस एवं प्रशासन द्वारा सभी जनपदवासियों से आगामी दीपावली, भैया दूज एवं लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन सहित अन्य त्योहारों को आपसी प्रेम, सौहार्द, भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। साथ ही किसी भी समस्या अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने का अनुरोध किया गया।

जनपद संतकबीरनगर पुलिस एवं प्रशासन आगामी त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button