डीएम और एसएसपी ने महाशिवरात्रि और होली पर्व को।लेकर की बैठक

मथुरा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में महाशिवरात्रि एवं होली के पर्वों के संबंध में बैठक ली। जिलाधिकारी ने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत तथा जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद में अभियान चलाकर साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि महाशिवरात्रि 15 फरवरी 2026 तथा होली 4 मार्च 2026 के संबंध में सभी विभाग अपनी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
बरसाना में 24 फरवरी को लड्डू होली तथा 25 फरवरी को लट्ठमार होली होगी। 26 फरवरी को नांदगांव में लट्ठमार होली होगी। 27 फरवरी को श्री कृष्ण जन्मस्थान मंदिर एवं श्री बांके बिहारी जी मंदिर में होली होगी। दिनांक 28 फरवरी को गोकुल में छड़ीमार होली, 3/4 मार्च को ग्राम फालैन में जलती हुई होली से पंडा का निकलना तथा 5 मार्च को दाऊजी जी का हुरंगा होगा।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए समस्त ट्रांसफार्मर एवं विद्युत के खंभों की प्लास्टिक रैपिंग करें तथा लटके हुए तारों को एकत्रित करे। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि पर्वों के दृष्टिगत समस्त महत्वपूर्ण मार्गों पर एम्बुलेंस की सुविधा करे तथा आपातकालीन स्थिति हेतु हॉस्पिटल चिन्हित करे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुदृढ़ यातायात व्यवस्था हेतु एसपी यातायात को निर्देश दिए कि पर्वों से पूर्व रूट डाइवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करें। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए है ससमय अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमिटी की बैठक करें। त्यौहार रजिस्टर का अवलोकन करते हुए सभी तैयारियों को दुरुस्त करें।
15 फरवरी 2026 को महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत शिव मंदिरों पर भीड़ नियंत्रण के संबंध के समस्त उप जिलाधिकारी को जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि पर्व से पूर्व मंदिरों का निरीक्षण करें। उन्होंने नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को गड्ढामुक्त सड़क हेतु निर्देशित किया। प्रकाश व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, सुगम यातायात, सुरक्षा व्यवस्था आदि हेतु जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं दर्शनार्थियों की सुविधा हेतु बसों, सार्वजनिक वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने समस्त पार्किंगों में पेयजल, शौचालय, रैंप, लाइटिंग, दिशा सूचक चिन्ह, आदि लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यमुना जी के घाटों पर बैरिकेडिंग व्यवस्था करे। आवारा जानवरों को पकड़े। निराश्रित गौवंशों को गौशालाओं में पहुंचाए। शरारती, आसामाजिक तत्वों पर पैनी नजर बनाए रखे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि त्यौहारों पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्यवाही सुनिश्चित करें।
बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग गुलवीर सिंह, उप जिलाधिकारी छाता वैभव गुप्ता, उप जिलाधिकारी महावन कंचन, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल, आबकारी अधिकारी उपेंद्र सिंह सहित अन्य विभागों के अधिकारियों उपस्थित रहे।



