ग़ाज़ियाबाद

अवैध कॉलोनियों पर चला जीडीए का बुलडोजर, सड़कें-बाउंड्रीवाल और साइट ऑफिस ध्वस्त

गाजियाबाद। अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को प्रवर्तन जोन-02 की टीम ने मुरादनगर क्षेत्र में विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क, बाउंड्रीवाल और साइट ऑफिस समेत अन्य अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए। कार्रवाई के दौरान स्थानीय निर्माणकर्ताओं और कॉलोनाइजरों ने विरोध का प्रयास किया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस बल की मौजूदगी में टीम ने अभियान जारी रखा। जीडीए के प्रवर्तन जोन-02 के प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने ग्राम असालतनगर (जलालाबाद) में हनुमान मंदिर से शोभापुर गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर बंबे के किनारे खसरा संख्या 73/2 में कार्रवाई की। यहां करीब 11 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में सड़क बनाकर बिजली के खंभे लगाने और प्लॉटिंग किए जाने की शिकायत थी। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से विकसित की गई सड़क, बाउंड्रीवाल, साइट ऑफिस और अन्य निर्माण को ध्वस्त कर दिया। जीडीए के अनुसार असालतनगर क्षेत्र में अमरीश कुमार, उमेश, सुनील तेवतिया और बॉबी चौधरी आदि द्वारा उक्त भूमि पर प्लॉटिंग की जा रही थी। मौके पर कॉलोनी विकसित करने के लिए सड़क और बिजली के खंभे लगाए गए थे। कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण की टीम ने स्थल पर स्वीकृत तलपट मानचित्र के संबंध में जानकारी मांगी, लेकिन कोई स्वीकृत मानचित्र प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद प्राधिकरण की ओर से नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। टीम ने अवैध कॉलोनी में विकसित की गई सड़क और अन्य निर्माणों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। इसी अभियान के तहत जीडीए की टीम ने जलालाबाद रोड स्थित शिव धर्म कांटे के सामने करीब 3500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ भी कार्रवाई की। प्राधिकरण के अनुसार यहां सन्नी डागर द्वारा अवैध रूप से प्लॉटिंग की जा रही थी। मौके पर किसी स्वीकृत तलपट मानचित्र के प्रस्तुत नहीं किए जाने पर प्राधिकरण ने निर्माण को अनधिकृत मानते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। दोनों स्थानों पर कार्रवाई के दौरान बनाई गई सड़क, बाउंड्रीवाल, साइट ऑफिस और प्लॉटिंग से संबंधित अन्य अवैध ढांचों को ध्वस्त कर दिया गया। जीडीए की इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों में खलबली मच गई। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान स्थानीय निर्माणकर्ताओं और कॉलोनाइजरों की ओर से विरोध किया गया। स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद प्राधिकरण पुलिस बल ने मोर्चा संभाला और विरोध करने वालों को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई जारी रखी। अभियान के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-02 का स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता मौजूद रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button