सांसद ने की दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सर्विस रोड के निर्माण की मांग

अनिल वशिष्ठ
मोदीनगर,(वेलकम इंडिया )। बागपत लोकसभा क्षेत्र से सांसद राजकुमार सांगवान ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष संतोष यादव से मुलाकात की। सांसद ने मोहिद्दीनपुर रोड के पास दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सर्विस रोड बनाने की मांग की। सांसद ने कहा कि इसके नहीं बनने से किसानों को बड़ी समस्या हो रही है। इससे पहले सांसद केंद्रीय परिवहन मंत्री से मिलकर सर्विस रोड बनाने की मांग उठा चुके हैं। सांसद ने कहा कि जो दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (विचरण-5) के निर्माण कार्य के दौरान ये समय उत्पन्न हुई है। सर्विस रोड के अभाव में किसानों की कृषि भूमि तक सीधी पहुँच बाधित हो गई है, जिससे खेती-किसानी एवं दैनिक गतिविधियों गंभीर रूप से प्रभावित हो रही हैं। ट्रैक्टर, कृषि यंत्रों एवं फसलों के परिवहन में कठिनाई के कारण किसानों को समय, श्रम एवं आर्थिक हानि उठानी पड़ रही है। सर्विस रोड का अभाव स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षित आवाजाही के लिए भी जोखिम उत्पन्न कर रहा है। इसको लेकर लोग लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में जनहित, किसान हित एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को दृष्टिगत रखते हुए दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (विचरण-5) के अंतर्गत आवश्यक स्थानों पर सर्विस रोड के निर्माण हेतु संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निर्देश प्रदान करें जिससे क्षेत्र के किसानों एवं नागरिकों को स्थायी सहत प्राप्त हो सके।



