चीफ पोस्टमास्टर जनरल ने किया शाखा डाकघरों का निरीक्षण

मथुरा मंडल के लक्ष्मीनगर और लोहवन डाकघर पहुंचे चीफ पोस्ट मास्टर जनरल, सुकन्या समृद्धि योजना की पासबुक बांटी
मथुरा। उत्तर प्रदेश परिमंडल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल प्रणव कुमार ने बुधवार को मथुरा मंडल के अंतर्गत विभिन्न शाखा डाकघरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय योजनाओं की समीक्षा की और बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया।
निरीक्षण कार्यक्रम के तहत चीफ पोस्टमास्टर जनरल लक्ष्मीनगर और लोहवन शाखा डाकघर पहुंचे। कार्यक्रम का शुभारंभ उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। आगरा परिक्षेत्र के डाक निदेशक शशि कुमार उत्तम साथ रहे। प्रवर डाक अधीक्षक विजेंद्र ने पतुका व बुके देकर स्वागत किया। सीपीएमजी ने डाकघरों की कार्यप्रणाली, उपलब्धियों और जन-हितकारी सेवाओं की बारीकी से समीक्षा की। इस अवसर पर सुकन्या समृद्धि योजना के लाभार्थियों को पासबुक वितरित की गईं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शाखा डाकपालों को सम्मानित किया गया।
संबोधन के दौरान उन्होंने ग्राहक सेवा में सुधार और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में डाक सेवाओं के विस्तार पर विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सुकन्या समृद्धि योजना, डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा और आधार सेवाओं जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी हर व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुँचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इनसे जुड़ सकें।
चीफ पोस्टमास्टर जनरल ने कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी पूर्ण समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एएसपी एचके बत्रा, एसडीआई आनंद शुक्ला, देव प्रकाश कटारा, नागेंद्र राणा, देश दीपक, राजेश रावत, ओमप्रकाश, गौतम यादव, पुनीत पाठक आदि उपस्थित रहे।



