शहर-राज्य

डीएम का बड़ा एक्शन: वासा चक ग्राम पंचायत में 3 सदस्यीय समिति गठित

हाशिम रिजवी
डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर।
जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रशासन की सख्त कार्रवाई जारी है। ग्राम पंचायत वासा चक में वित्तीय अनियमितताओं के मामले में आरोपी ग्राम प्रधान इमरान के वित्तीय अधिकार सीज किए जाने के एक माह बाद जिलाधिकारी (डीएम) ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। डीएम द्वारा जारी निर्देश के तहत ग्राम में विकास कार्यों के सुचारु क्रियान्वयन एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित करने का आदेश दिया गया है। इस संबंध में डुमरियागंज के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कुमार कार्तिकेय मिश्र को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। समिति को ग्राम पंचायत में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की निगरानी, गुणवत्ता की जांच तथा समयबद्ध क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही एडीओ पंचायत को भी निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि ग्राम पंचायत वासा चक में विकास कार्यों में गड़बड़ी और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर गांव निवासी एवं समाजसेवी काजी अदनान अहमद ने जिलाधिकारी और मंडलायुक्त से शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर हुई जांच में मनरेगा लोकायुक्त द्वारा अनियमितताओं की पुष्टि की गई। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान इमरान के वित्तीय अधिकार सीज कर दिए थे। अब तीन सदस्यीय समिति के गठन से यह स्पष्ट हो गया है कि प्रशासन विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। इस कार्रवाई से जहां एक ओर ग्रामीणों में पारदर्शी विकास की उम्मीद जगी है, वहीं दूसरी ओर अन्य ग्राम प्रधानों और उनसे जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button