शहर-राज्य

विद्यालय प्रबंधन और अभिभावक प्रतिनिधियों के बीच आयोजित हुई महत्वपूर्ण बैठक

 फीस में राहत के साथ नए नियम लागू

अनिल वशिष्ठ

मोदीनगर। दयावती मोदी पब्लिक स्कूल, मोदीनगर में फीस वृद्धि एवं शिक्षा अधिनियम 2018 के अनुपालन को लेकर विद्यालय प्रबंधन और अभिभावक प्रतिनिधियों के बीच आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। यह बैठक 02 मई को विद्यालय परिसर में हुई, जिसमें विस्तृत चर्चा के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी। बैठक में तय किया गया कि कक्षा 10 से 11 में प्रवेश लेने वाले उन छात्रों के लिए, जो पहले से ही विद्यालय में अध्ययनरत हैं, 11,000 प्रवेश शुल्क एवं 2000 सुरक्षा शुल्क को समाप्त कर दिया गया है। आगामी सत्र में फीस वृद्धि को पिछले सत्र की फीस पर 7.5 प्रतिशत वृद्धि के साथ 120 अतिरिक्त (एसी चार्ज) के आधार पर लागू किया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन ने कक्षा 1 के छात्रों को राहत देते हुए मासिक फीस 3,320 निर्धारित करने का निर्णय लिया है। साथ ही भविष्य में फीस स्लिप को सरल बनाते हुए केवल तीन प्रमुख शुल्क मद (हेड्स) ही दर्शाए जाएंगे, जिससे अभिभावकों को स्पष्ट जानकारी मिल सके।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की फीस वृद्धि से कम से कम 60 दिन पूर्व अभिभावकों को विद्यालय की वेबसाइट एवं अन्य माध्यमों से सूचना दी जाएगी। इसके अतिरिक्त विद्यालय में शीघ्र ही पैरेंट्स-टीचर एसोसिएशन का गठन किया जाएगा तथा अभिभावकों के लिए वेटिंग एरिया एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पाठ्य पुस्तकों के मामले में एनसीईआरटी पुस्तकों को प्राथमिकता देने का फैसला लिया गया है। यदि किसी कारणवश निजी प्रकाशकों की पुस्तकें उपयोग में लाई जाती हैं, तो उन्हें कम से कम तीन वर्षों तक नहीं बदला जाएगा। बैठक में लिए गए सभी निर्णय अप्रैल 2026 से प्रभावी होंगे। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. बी. के. राणा, उप-प्रधानाचार्य डॉ. गुरमीत गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं अभिभावक संघ की ओर से अध्यक्ष योगेंद्र बलाहरा, सचिव विकास नेहरा सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button